बिहार के विकास को रफ्तार देने की तैयारी, सीएम सम्राट चौधरी ने की बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा
बिहार की विकास योजनाओं को गति देने को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सीएम सम्राट चौधरी ने बैठक में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों, सोनपुर सैटेलाइट सिटी और विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली....
Patna : बिहार के विकास को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में राज्य की महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में हवाई अड्डा निर्माण, सैटेलाइट सिटी, बाढ़ प्रबंधन और प्रमुख सड़क परियोजनाओं सहित कई अहम विषयों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
भागलपुर के अजगैबीनाथ और सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर गहन चर्चा
समीक्षा बैठक के दौरान भागलपुर के अजगैबीनाथ में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण की योजना पर गहन मंथन किया गया। इसके साथ ही सारण जिले के सोनपुर में ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा विकसित करने की कार्ययोजना पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा हुई, ताकि राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिल सके।
सोनपुर सैटेलाइट सिटी और शहरी विकास की कार्ययोजना पर विचार
बैठक में सोनपुर सैटेलाइट सिटी के विकास को लेकर तैयार की जा रही कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। राज्य सरकार का लक्ष्य इन बड़ी और दूरगामी परियोजनाओं के माध्यम से बिहार में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना तथा शहरी विकास और आर्थिक अवसरों के नए द्वार खोलना है।
बाढ़ प्रबंधन के साथ नारायणी पथ और गंगा-अंबिका भवानी पथ पर हुई बात
उच्चस्तरीय बैठक में बिहार में बाढ़ प्रबंधन और उससे जुड़ी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त प्रमुख सड़क संपर्क परियोजनाओं के तहत नारायणी पथ और गंगा-अंबिका भवानी पथ के निर्माण को लेकर भी अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में योजनाओं की प्रगति और आगे की तैयारियों की समीक्षा
इस बैठक में विकास आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के प्रधान सचिव और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सभी परियोजनाओं की वर्तमान प्रगति, कार्ययोजना और आगामी तैयारियों की जानकारी ली, जिससे राज्य में बुनियादी ढांचे और विकास कार्यों को लेकर प्रशासनिक सक्रियता और तेज हुई है।
अभिजीत की रिपोर्ट