पटना के 5 प्रमुख होटलों में खाद्य संरक्षा टीम की औचक छापेमारी: भारी मात्रा में खराब खाना विनष्ट, पनीर-चीज के नमूने जब्त, 14 दिनों का नोटिस जारी

पटना के प्रमुख होटलों में खाद्य संरक्षा टीम की ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अनियमितताएं पाई गई। खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी पाँचों होटलों को 'इम्प्रूवमेंट नोटिस' जारी कर 14 दिनों के भीतर इन कमियों को दूर करने का सख्त आदेश दिया है....

पटना के 5 प्रमुख होटलों में खाद्य संरक्षा टीम की औचक छापेमारी- फोटो : प्रिय दर्शन

Patna : राज्य के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा आयुक्त सह सचिव कुमार रवि के निर्देश पर पटना के पांच प्रमुख होटलों—होटल गर्गी ग्रैंड, पाटलिपुत्र एक्सोटिका, द पनाश होटल, होटल मौर्या एवं लेमन ट्री—में खाद्य संरक्षा अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई की गंदगी, एक्सपायर्ड फूड और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन जैसी गंभीर अनियमितताएँ उजागर हुईं।


पनाश होटल में 10 किलो मटन-चिकन और 6 पैकेट ब्रेड विनष्ट

द पनाश होटल के निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में बिना मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट के पॉलिथीन में रैप किया हुआ 10 किलोग्राम मटन व चिकन मिला, जो इंसानी उपभोग के लायक नहीं था। इसे खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 38 के तहत तुरंत जब्त कर विनष्ट कराया गया। इसके अलावा बिना एक्सपायरी डेट के 6 पैकेट ब्रेड भी नष्ट कराए गए। यहाँ पानी का TDS मान भी मानक के अनुरूप नहीं (TDS 44) पाया गया।


पाटलिपुत्र एक्सोटिका और गर्गी ग्रैंड में एक्सपायर्ड सामान मिला, किचन में कबूतर

पाटलिपुत्र एक्सोटिका के रसोई में कबूतर उड़ते पाए गए, वेंटिलेटर टूटा हुआ था और बिल पर FSSAI नंबर दर्ज नहीं था। यहाँ से 6 kg राज मिल्क, 8 kg बेकरी मिक्स, 1.5 kg हाइड्रो और जीरा सीप जैसे एक्सपायर्ड सामान जब्त कर नष्ट कराए गए। वहीं होटल गर्गी ग्रैंड में शाकाहारी और मांसाहारी खाना एक साथ रखा मिला। FIFO/FEFO नियमों का उल्लंघन, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट का न होना तथा वर्ष 2024 के बाद पानी की जांच न कराने की कमियाँ मिलीं। यहाँ से पनीर और अरहर दाल के सैंपल प्रयोगशाला भेजे गए।


होटल मौर्या में जंग लगे फ्रिज व एल्युमिनियम बर्तनों का इस्तेमाल; लेमन ट्री से लिए गए सैंपल

साउथ गांधी मैदान स्थित होटल मौर्या में एल्युमिनियम के बर्तनों में खाना पकता पाया गया, जिस पर तुरंत रोक लगाई गई। फ्रिज में जंग, बिना ढक्कन के डस्टबिन और कर्मचारियों की व्यक्तिगत अस्वच्छता पाई गई। यहाँ से पनीर और सॉल्टेड बटर के नमूने अगमकुआँ लैब भेजे गए। वहीं लेमन ट्री होटल से पनीर, चीज, टोमैटो सॉस और लिक्विड सॉस के वैधानिक नमूने जाँच के लिए संग्रहित किए गए तथा ड्रेनेज सिस्टम को ढकने के निर्देश दिए गए।


सभी 5 होटलों को 14 दिनों का इम्प्रूवमेंट नोटिस

निरीक्षण टीम ने पाया कि किसी भी होटल में स्वच्छता और सुरक्षा के मानक पूरे नहीं थे। खाद्य संरक्षा विभाग ने सभी पाँचों होटलों को 'इम्प्रूवमेंट नोटिस' जारी कर 14 दिनों के भीतर पाई गई सभी कमियों को दूर करने की सख्त ताकीद की है, अन्यथा आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय दर्शन की रिपोर्ट