नीतीश कुमार को मोदी सरकार का बड़ा तोहफा ! देश के पहले राज्यसभा सांसद जिन्हें मिलेगी एयरपोर्ट पर यह सुविधा
Nitish Kumar : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को केंद्र सरकार की ओर से विशेष एयरपोर्ट प्रोटोकॉल दिए जाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों के मुताबिक, पटना और दिल्ली एयरपोर्ट पर उन्हें ऐसी सुविधा मिल सकती है, जो अब तक केवल कार्यरत मुख्यमंत्रियों को ही दी जाती रही है। जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित प्रोटोकॉल के तहत नीतीश कुमार की गाड़ी सीधे एयरपोर्ट के रनवे तक जा सकेगी। वहां से वे सीधे विमान या हेलीकॉप्टर के जरिए अपने गंतव्य के लिए रवाना होंगे।
दरअसल, अभी तक यह सुविधा केवल मौजूदा मुख्यमंत्रियों और कुछ अतिविशिष्ट श्रेणी के पदाधिकारियों तक सीमित रही है। यदि यह प्रस्ताव लागू होता है तो पहली बार किसी पूर्व मुख्यमंत्री को इस तरह का विशेष एयरपोर्ट प्रोटोकॉल मिलेगा। सूत्रों का कहना है कि नीतीश कुमार वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं और लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री रहने के कारण उनकी सुरक्षा एवं प्रोटोकॉल श्रेणी को लेकर केंद्र स्तर पर विचार-विमर्श हुआ है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी हो सकता है।
बता दें कि मार्च 2026 को नीतीश कुमार ने अचानक मुख्यमंत्री पद छोड़ने और सक्रिय राज्य राजनीति से हटकर राष्ट्रीय राजनीति में भूमिका निभाने का ऐलान किया था। इसके बाद सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया और उन्होंने बिहार के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि केंद्र की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड की भूमिका फिलहाल काफी अहम बनी हुई है। लोकसभा चुनाव के बाद बनी एनडीए सरकार में जदयू प्रमुख सहयोगी दलों में शामिल है और केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार को स्थिर समर्थन देने में पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जा रही है। इसी राजनीतिक समीकरण के बीच नीतीश कुमार को विशेष प्रोटोकॉल दिए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि केंद्र सरकार या नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से अभी तक इस पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।