दलहन किसानों के बीच चना बीज का निःशुल्क वितरण, वैज्ञानिकों ने बताए उन्नत खेती के तरीके

पटना के मोकामा में डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा की ओर से दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें किसानों को बीज उपचार, बुआई और कीट-रोग नियंत्रण की जानकारी दी गई.....

मोकामा में किसानों के बीच चना बीज का निःशुल्क वितरण- फोटो : प्रिय दर्शन

Patna : दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने और किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से मोकामा टाल क्षेत्र में दलहन किसानों के बीच चना बीज का निःशुल्क वितरण किया गया। डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा, बिहार की ओर से अनुसूचित जाति उपयोजना (एससीएसपी) तथा किसान जागरूकता एवं अग्रिम पंक्ति प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत यह पहल की गई है। इसके माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ वैज्ञानिक तरीके से खेती करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।


वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने बीज उपचार, बुआई और कीट-रोग नियंत्रण की दी जानकारी

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के दलहन प्रभाग की वरीय वैज्ञानिक डॉ. माधुरी आर्या, डॉ. सुनील कुमार और डॉ. रविंद्र प्रसाद सहित वैज्ञानिक दल ने किसानों को दलहन की खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारियां दीं। डॉ. माधुरी आर्या ने चना की बुआई से पहले बीज उपचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उचित उपचार से फसल को शुरुआती अवस्था में रोगों से बचाने में मदद मिलती है, साथ ही उन्होंने बुआई के सही तरीके, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा कीटनाशकों के सुरक्षित इस्तेमाल की विधि भी बताई।


एनएससी के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे उन्नत किस्म के दलहन बीज

इस अवसर पर प्रगतिशील किसान चंदन कुमार ने बताया कि डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय बीज निगम लिमिटेड (एनएससी) के माध्यम से उपलब्ध कराए गए चना सहित अन्य दलहन फसलों के उन्नत किस्म के बीज किसानों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य दलहन फसलों की उत्पादकता बढ़ाना और किसानों को समय पर बेहतर गुणवत्ता के बीज उपलब्ध कराना है।


देश के प्रमुख दलहन उत्पादक क्षेत्रों में शामिल मोकामा टाल में उत्पादन की व्यापक संभावनाएं

प्रगतिशील किसान चंदन कुमार ने कहा कि मोकामा टाल क्षेत्र बिहार ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख दलहन उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है और यहां दलहन उत्पादन की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की यह पहल किसानों के लिए काफी उपयोगी साबित होगी, क्योंकि वैज्ञानिकों के मार्गदर्शन से किसान आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर खेती से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर सकेंगे।


खेती की लागत कम करने और कृषि को लाभकारी बनाने की दिशा में पहल

इस जागरूकता व बीज वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर दलहन उत्पादन में वृद्धि करना, खेती की लागत कम करने के उपाय बताना और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है। उन्नत बीज और वैज्ञानिक पद्धतियों के समन्वय से मोकामा टाल क्षेत्र में दलहन उत्पादन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


प्रिय दर्शन की रिपोर्ट