मोतिहारी में सफाईकर्मियों की मजदूरी काटकर लाखों रुपये डकार गए एजेंसी और अधिकारी, खुलासे से मचा हडकंप, EO पर कार्रवाई की अनुशंसा
मोतिहारी जिले के सुगौली नगर पंचायत में सफाईकर्मियों की राशि हड़पने और अनियमितता के मामले में जांच रिपोर्ट सामने आई है। SDO ने कार्यपालक पदाधिकारी पर कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए रिपोर्ट DM को भेजी है।
बिहार के मोतीहारी के सुगौली नगर पंचायत में सफाई मजदूरों के हक की लाखों रुपये की राशि हड़पने का बड़ा मामला सामने आया है। नगर पंचायत के मुख्य पार्षद और वार्ड पार्षदों की शिकायत पर जिला स्तर पर हुई जांच में यह खुलासा हुआ है कि नियमों को दरकिनार कर दास एंड कंपनी द्वारा हर महीने राशि निकाल ली गई, लेकिन मजदूरों को भुगतान नहीं किया गया। डीएम के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी की जांच में भारी अनियमितता सामने आने के बाद सदर एसडीओ ने कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए जांच प्रतिवेदन डीएम को भेज दिया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मासिक अंशदान का भुगतान नहीं, ईओ पर लापरवाही के आरोप
सदर कार्यपालक दंडाधिकारी की जांच रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि सुगौली नगर पंचायत में दास कंपनी ने लगातार नियमों की अनदेखी कर राशि की निकासी की, जबकि सफाईकर्मियों को मासिक अंशदान की राशि नहीं दी गई। रिपोर्ट के अनुसार, मजदूरों के हिस्से की लाखों रुपये की रकम कंपनी द्वारा हड़प ली गई और नगर कार्यपालक पदाधिकारी ने इस मामले में गंभीर लापरवाही बरती। आरोप है कि मुख्य पार्षद द्वारा लिखित रूप से और बैठकों में लगातार अवगत कराए जाने के बावजूद ईओ ने केवल स्पष्टीकरण मांगने तक ही सीमित रखा, न भुगतान रोका और न ही अनुशासनात्मक कार्रवाई की, जिससे कंपनी को लाखों रुपये का लाभ मिला।
23.25 लाख के अनुबंध में 4 दिन की मजदूरी काटने का मामला
कार्यादेश की शर्त क्रमांक-01 के तहत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और अन्य सफाई कार्य 1 दिसंबर 2023 से 30 नवंबर 2025 तक अवकाश के दिनों सहित प्रतिदिन किया जाना था। इस शर्त के मुताबिक कुल 23 लाख 25 हजार रुपये का मासिक अनुबंध हुआ था, लेकिन मजदूरों को केवल 26 दिन की ही मजदूरी का भुगतान किया गया। इस तरह हर महीने प्रत्येक मजदूर के 4 दिन का भुगतान न कर लाखों रुपये की हेराफेरी किए जाने की बात जांच में सामने आई है।
बेतिया में ईओ की मौजूदगी और कमीशन के आरोप
जांच के दौरान 11 दिसंबर 2025 को सुबह 9:32 बजे की जीपीएस (GPS) युक्त तस्वीर का हवाला देते हुए यह आरोप भी लगाया गया कि नगर कार्यपालक पदाधिकारी बेतिया के नवरंगाबाद स्थित दुर्गाबाग मंदिर रोड पर दास कंपनी के मालिक के आवास पर गए थे और वहां से कमीशन लिया गया। हालांकि, रिपोर्ट में उल्लेख है कि कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा इन आरोपों के खिलाफ कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
बैठक पंजी में अनियमितता और मिलीभगत की बात आई सामने
जांच क्रम में जब सामान्य बैठक पंजी का अवलोकन किया गया, तो यह पाया गया कि बैठक में शामिल प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर पहले ही करा लिए गए थे और प्रस्ताव बाद में लिखा गया। इतना ही नहीं, इस पर किसी जनप्रतिनिधि या मुख्य पार्षद का हस्ताक्षर भी मौजूद नहीं पाया गया।
संविदा कर्मियों और स्थानीय मिलीभगत से व्यवस्था प्रभावित
जांच प्रतिवेदन में यह भी परिलक्षित हुआ है कि पूरे प्रकरण में कुछ स्थानीय प्रतिनिधियों और संविदा कर्मियों की मिलीभगत रही है। इसी मिलीभगत के कारण कार्यों में बड़े पैमाने पर शिथिलता बरती गई और गैरवैधानिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा से हड़कंप मचा हुआ है।
मोतिहारी से हिमांशु कुमार की रिपोर्ट