Bihar News: मोकामा में गाँधीवादी विरोध प्रदर्शन, सामाजिक कार्यकर्ता चंदन कुमार का मौन सत्याग्रह, कई जन समस्याओं पर उठाई आवाज

Bihar News:सत्याग्रह के दौरान चंदन कुमार ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में बिहार सरकार के मुख्य सचिव द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभुकों को अब तक भुगतान नहीं किया गया है

एक दिवसीय सत्याग्रह - फोटो : reporter

Bihar News: मोकामा शहर की विभिन्न जन समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को सामाजिक कार्यकर्ता चंदन कुमार द्वारा गांधीवादी तरीके से एक दिवसीय मौन सत्याग्रह किया गया। यह सत्याग्रह सी.सी.एम. स्कूल परिसर टाउन हॉल के बाहर आयोजित हुआ, जिसका उद्देश्य शासन-प्रशासन का ध्यान स्थानीय समस्याओं की ओर आकर्षित करना था।


सत्याग्रह के दौरान चंदन कुमार ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021 में बिहार सरकार के मुख्य सचिव द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लाभुकों को अब तक भुगतान नहीं किया गया है, जिससे गरीब परिवारों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा, बिहार विधान परिषद के 209वें सत्र में नीरज कुमार द्वारा उठाए गए प्रश्न के जवाब में नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री द्वारा दलित बस्ती में नाले के गंदे पानी की निकासी को लेकर लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


चंदन कुमार ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरे से कम्पोस्ट बनाने की योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राशि आवंटन और व्यय के बावजूद योजना अब तक केवल फाइलों में ही सीमित है। इसके साथ ही उन्होंने सी.सी.एम. स्कूल परिसर व टाउन हॉल पर नगर परिषद कार्यालय और संबंधित एनजीओ द्वारा अवैध कब्जे का मुद्दा भी उठाया। मोकामा में दशकों पहले समाप्त किए गए कांजी हाउस (पशु कारागार) की पुनर्स्थापना की मांग भी की गई। इस दौरान उप सभापति प्रतिनिधि कन्हैया कुमार, वार्ड पार्षद हरे कृष्ण सहित अजय कुमार, मुकेश कुमार, कुणाल राणा, प्रणव शेखर शाही सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।


सत्याग्रह में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर भी चिंता जताई गई। उन्होंने कहा कि Supreme Court of India के निर्देशों के बावजूद शेल्टर होम निर्माण, रेबीज टीकाकरण और नसबंदी जैसे कार्यों को लागू नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा, नगर परिषद के आय के प्रमुख स्रोत वार्ड संख्या 11 स्थित सामुदायिक भवन की जर्जर स्थिति पर भी सवाल उठाए गए, जो पिछले तीन वर्षों से उपेक्षा का शिकार है। सत्याग्रह के माध्यम से चंदन कुमार ने प्रशासन से जल्द से जल्द इन समस्याओं के समाधान की मांग की और चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।


इस दौरान उप सभापति प्रतिनिधि कन्हैया कुमार, वार्ड पार्षद हरे कृष्ण सहित अजय कुमार, मुकेश कुमार, कुणाल राणा, प्रणव शेखर शाही सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।