Bihar News: पटना में घूम रहा बच्चा चोर गैंग! PMCH में दिनदहाड़े नवजात की चोरी, पटना DM ने जारी किया अलर्ट
Bihar News: बिहार की राजधानी पटना में बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की खबरों ने हड़कंप मचा दिया है। जिला प्रशासन ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। पीएमसीएच से नवजात चुराने की भी कोशिश की गई है...
Bihar News: राजधानी पटना में बच्चा चोर गैंग घूम रहा है। जिसको लेकर पटना डीएम ने अलर्ट जारी किया है। दरअसल, सूबे के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में दिनदहाड़े नवजात चोरी की कोशिश से हड़कंप मच गया। घटना प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की है। जहां जन्म के महज तीन घंटे बाद एक महिला नवजात को कपड़े में लपेटकर बाहर ले जाने लगी। हालांकि परिजनों, सुरक्षाकर्मियों और पीएमसीएच टीओपी पुलिस की तत्परता से आरोपी को गेट के पास स्थित दुर्गा मंदिर के समीप पकड़ लिया गया।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, बुद्ध मार्ग स्थित कमला नेहरू नगर बस्ती की एक महिला को सोमवार की सुबह प्रसूति विभाग में भर्ती कराया गया था। सुबह 8:05 बजे उसने एक नवजात को जन्म दिया। कुछ देर के लिए पति के बाहर जाने और प्रसूता के वार्ड में अकेले होने का फायदा उठाते हुए वार्ड में पहले से मौजूद जैकी कुमारी नामक महिला ने खुद को रिश्तेदार बताकर विश्वास जीता। दोपहर करीब 1 बजे प्रसूता के सो जाने पर आरोपी महिला नवजात को गोद में लेकर धीरे-धीरे कपड़े में छिपाकर वार्ड से बाहर निकल गई।
ऐसे खुला मामला
कुछ मिनट बाद जब पति लौटे तो नवजात को गायब पाकर वार्ड में हंगामा मच गया। सूचना मिलते ही पीएमसीएच टीओपी पुलिस सक्रिय हुई और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक महिला संदिग्ध अवस्था में सीढ़ियों की ओर जाती दिखाई दी, जिसके हाथ में कपड़े में लिपटा नवजात था। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों और परिजनों ने अस्पताल गेट के पास दुर्गा मंदिर के समीप आरोपी को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी ने क्या बताया?
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसकी शादी तीन साल पहले मध्य प्रदेश में हुई थी। संतान नहीं होने के कारण उसे ससुराल में ताने और प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। इसी दबाव में उसने नवजात चोरी की योजना बनाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दिनदहाड़े प्रसूति वार्ड से नवजात को बाहर ले जाने की कोशिश ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अस्पताल प्रशासन से भी जवाब तलब किया जा सकता है।
पटना डीएम का अलर्ट
बता दें कि, पटना में कई ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे बच्चा चोर गिरोह की सक्रियता की खबरों ने प्रशासन और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। पटना समाहरणालय ने इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जारी कर सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPOs) को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है। पत्र में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही को बहुत गंभीरता से लिया जाएगा। प्रशासन ने इस मामले को 'अति आवश्यक' की श्रेणी में रखा है ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
भेष बदलकर घूम रहे हैं अपराधी
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), पटना द्वारा जारी पत्र के अनुसार, समाचार पत्रों और अन्य विश्वसनीय सूत्रों से यह जानकारी मिली है कि जिले में बच्चा चोर गिरोह सक्रिय है। ये अपराधी महिला या पुरुष के रूप में किसी भी वेश-भूषा में हो सकते हैं, जो बच्चों को बहला-फुसलाकर उनका अपहरण कर लेते हैं। डीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सख्त गाइडलाइन जारी किया है। प्रशासन ने आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केंद्रों पर आने वाले बच्चों पर विशेष निगरानी रखी जाए और उन्हें कभी भी अकेला न छोड़ा जाए। बच्चों को केंद्र पर लाने और उन्हें घर पहुँचाने के दौरान विशेष सावधानी बरती जाए। बच्चों को केवल उनके घर पर या उनके वास्तविक अभिभावकों को ही सुपुर्द किया जाए।
पटना से अनिल की रिपोर्ट