गौरव राय की पहल, पटना में जरूरतमंद बच्चों को बांटी गई शैक्षणिक सामग्री

गौरव राय ने बताया कि ये बच्चे उनके कार्यालय के आसपास रहते हैं और छोटी-छोटी मदद से उनकी पढ़ाई के स्तर में काफी सुधार हुआ है।

Gaurav Rai- फोटो : news4nation

Bihar News :  जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से सामाजिक कार्यकर्ता गौरव राय की पहल पर 3 और 4 सितंबर को बिग्रहपुर में शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। अभियान के तहत करीब 12 बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल और ज्योमेट्री बॉक्स उपलब्ध कराया गया। गौरव राय के मित्र और व्यवसायी उत्तम कुमार ने नौ बच्चों के बीच एक साल के लिए आवश्यक स्टेशनरी सामग्री वितरित की। इस मौके पर गौरव राय ने उत्तम कुमार का स्वागत अंगवस्त्र और मिथिला का पाग पहनाकर किया। उत्तम कुमार ने कहा कि इस अभियान से जुड़कर उन्हें काफी अच्छा लगा। शिक्षा ही इन बच्चों के जीवन में उजाला ला सकती है।


गौरव राय ने बताया कि ये बच्चे उनके कार्यालय के आसपास रहते हैं और छोटी-छोटी मदद से उनकी पढ़ाई के स्तर में काफी सुधार हुआ है। 4 सितंबर को भी तीन बच्चों को पढ़ाई का सामान दिया गया। उन्होंने बताया कि सात बच्चों के लिए सामग्री तैयार थी, लेकिन चार बच्चे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। इस अभियान में संदीप गौहाटी, राजेश उर्फ राजू और संदीप का भी सहयोग मिला।


गौरव राय ने बताया कि परिवार, मित्रों और सोशल मीडिया के सहयोग से अब तक 343 सिलाई मशीनें, 325 साइकिलें और 151 विद्यालयों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सिलाई मशीनों से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता का अवसर मिल रहा है।


उन्होंने बताया कि जल्द ही 10 सिलाई मशीनें और पांच साइकिलें जरूरतमंदों को दी जाएंगी। साथ ही पढ़ाई सामग्री अभियान के तहत करीब 50 बच्चों का चयन कर उन्हें शैक्षणिक सामान उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चों के चयन में भूमिहार महिला समाज की प्रीति प्रिया के योगदान की भी उन्होंने सराहना की।


गौरव राय 106 बार रक्तदान कर चुके हैं और पटना की एक निजी कंपनी में सीनियर जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।