Bihar News: घोसवरी में पैक्स चुनाव पर सियासी संग्राम, कुख्यात आरोपी का नाम कटा, धमकी से गरमाया माहौल

Bihar News:मतदाता सूची से कुख्यात अपराधी और उसके परिवार के पांच सदस्यों का नाम हटाए जाने के बाद विवाद गहरा गया है

पैक्स चुनाव पर सियासी संग्राम- फोटो : SOCIAL MEDIA

Bihar News: पटना जिले के घोसवरी प्रखंड के गोसाईं गांव में पैक्स चुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। मतदाता सूची से कुख्यात अपराधी दिवाकर यादव और उसके परिवार के पांच सदस्यों का नाम हटाए जाने के बाद विवाद गहरा गया है, जिससे गांव की सियासत में उबाल आ गया है। दिवाकर यादव ने आरोप लगाया है कि यह सब एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया है, ताकि उसे पैक्स अध्यक्ष पद के चुनाव से बाहर किया जा सके। उसने वर्तमान पैक्स नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधिकारियों से शिकायत की है और अपना नाम दोबारा जोड़ने की मांग की है।

वहीं दूसरी ओर, वर्तमान पैक्स अध्यक्ष रिंकी रानी के पक्ष से सफाई दी जा रही है कि नाम हटाने की प्रक्रिया पहले की सूची के आधार पर हुई थी और इसमें उनकी सीधी भूमिका नहीं है। उनके पति सुनील कुमार का कहना है कि सूची पहले जल्दबाजी में जारी की गई थी, जिसमें कुछ नाम छूट गए थे। अब जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों को सूचित कर नाम जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इसी बीच मामला और तूल तब पकड़ गया जब रिंकी रानी के पति को कथित तौर पर धमकी मिलने की बात सामने आई। इस घटना के बाद गांव में तनाव और बढ़ गया है और चुनावी माहौल पूरी तरह सियासी टकराव में बदल गया है।

प्रशासन अब स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने पैक्स चुनाव को लेकर पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।गोसाईं गांव में अब हर किसी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या विवाद सुलझेगा या चुनावी जंग और ज्यादा तेज होगी।

रिपोर्ट- विकास कुमार