पटना में बिहार पुलिस रेडियो प्रशिक्षण संस्थान का भव्य उद्घाटन, आधुनिक तकनीकों से लैस होंगे पुलिस ऑपरेटर
बिहार की पुलिस अब आधुनिक तकनीकों से लैस होगी। पुलिस की तकनीकी सेवाओं और संचार प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए राजधानी पटना में शुक्रवार को 'बिहार पुलिस रेडियो प्रशिक्षण संस्थान' का उद्घाटन किया गया....
Patna : राजधानी पटना में शुक्रवार 28 अगस्त को तकनीकी सेवाओं और संचार प्रणाली को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया। बिहार पुलिस की तकनीकी सेवाएं एवं संचार शाखा के अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) अमित लोढ़ा द्वारा 'बिहार पुलिस रेडियो प्रशिक्षण संस्थान' (BPRTI), पटना का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस नए संस्थान की स्थापना से राज्य पुलिस बल की वायरलेस और डिजिटल संचार क्षमताओं में व्यापक सुधार की उम्मीद है।
40 पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत
संस्थान के उद्घाटन के शुभ अवसर पर पुलिस वायरलेस ऑपरेटर ग्रेड-II पाठ्यक्रम के लिए चयनित 40 कर्मियों के अभिमुखीकरण (Orientation) एवं गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी विधिवत शुभारंभ किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए जवानों को अत्याधुनिक रेडियो तकनीकों, आधुनिक संचार प्रणालियों और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सूचना आदान-प्रदान के व्यावहारिक तौर-तरीकों से लैस किया जाएगा।
आधुनिक तकनीकों से लैस होंगे पुलिस ऑपरेटर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीजी अमित लोढ़ा ने पुलिस व्यवस्था में प्रभावी और निर्बाध संचार प्रणाली के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में अपराध नियंत्रण, निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए मजबूत सूचना तंत्र अति आवश्यक है। यह प्रशिक्षण संस्थान पुलिस ऑपरेटरों को उच्च स्तरीय तकनीकी दक्षता प्रदान कर उनके कार्यकुशलता में सुधार लाएगा।
आपदा और कानून-व्यवस्था में मिलेगी मजबूती
बीपीआरटीआई (BPRTI) में मिलने वाले उच्चस्तरीय प्रशिक्षण से न केवल दैनिक पुलिसिंग में गति आएगी, बल्कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, आपदा प्रबंधन और संवेदनशील आयोजनों के दौरान संचार नेटवर्क अधिक मजबूत रहेगा। प्रशिक्षित वायरलेस ऑपरेटर राज्य के दूरदराज इलाकों में भी बिना किसी तकनीकी बाधा के संदेशों के सुरक्षित और त्वरित प्रवाह को सुनिश्चित कर सकेंगे।
स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में मील का पत्थर
बिहार पुलिस को अत्याधुनिक और तकनीक-संचालित बल बनाने के संकल्प के तहत इस नए प्रशिक्षण संस्थान की शुरुआत को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अपना प्रशिक्षण सफलता पूर्वक पूरा करने के बाद ये ऑपरेटर राज्य के विभिन्न जिलों और थानों में तैनात होकर बिहार पुलिस के वायरलेस नेटवर्किंग तंत्र को नई मजबूती प्रदान करेंगे।
रंजीत की रिपोर्ट