गयाजी में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव, मेयर और पूर्व डिप्टी मेयर की कलाई पर सजीं सैकड़ों राखियां

गयाजी में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव, मेयर और पूर्व
गयाजी में धूमधाम से मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव- फोटो : मनोज कुमार

Gayaji : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर गयाजी शहर के राय काशीनाथ मोड़ स्थित एक निजी होटल में 'विमेन विंग्स ऑफ Social डेवलपमेंट सोसाइटी' के तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहर भर से सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान और पूर्व डिप्टी मेयर ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे।


सैकड़ों महिलाओं ने बांधा रक्षा सूत्र 

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सैकड़ों महिलाओं ने मेयर गणेश पासवान और पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव को भाई मानकर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधे। देखते ही देखते दोनों जनप्रतिनिधियों के हाथ सैकड़ों राखियों से सज गए। इस भावुक मौके पर महिलाओं ने दोनों नेताओं को रक्षाबंधन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, समृद्ध और दीर्घायु जीवन की ईश्वर से मंगल कामना की।


बहनों की सुरक्षा और सम्मान का लिया संकल्प 

इस अवसर पर मेयर गणेश पासवान ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। इतनी बड़ी संख्या में बहनों से मिला स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए बेहद भावुक और यादगार क्षण है। उन्होंने प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना ही इस पावन रिश्ते का सच्चा सम्मान और उनका कर्तव्य है।


महिला सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत 

पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ एक त्यौहार नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का दिन है। इतनी बड़ी संख्या में बहनों का स्नेह मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि हम सभी को समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए।


शहर के सर्वांगीण विकास की जताई उम्मीद 

संस्था की अध्यक्ष राखी अग्रवाल ने जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेताओं की कलाई पर राखी बांधकर सभी बहनें बेहद खुश हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों जनप्रतिनिधि महिला सुरक्षा के साथ-साथ गयाजी शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में अपना योगदान निरंतर देते रहेंगे। कार्यक्रम में सचिव ममता कुमारी, कोषाध्यक्ष अनुराधा वर्णवाल, वार्ड पार्षद सारिका वर्मा, भारती प्रियदर्शिनी और समाजसेवी रीता कुमारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मनोज की रिपोर्ट