खान सर-रोशन आनंद विवाद पर भड़के गुरु रहमान : बोले– दोनों शिक्षक के नाम पर कलंक, पवन सिंह और खेसारी लाल की तरह कर रहे नौटंकी

पटना के चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग पर हुए हमले और ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के रोशन आनंद के साथ उनके विवाद पर विख्यात शिक्षक गुरु रहमान का बयान सामने आया है। गुरु रहमान ने इस पूरे घटनाक्रम को शिक्षा के नाम पर 'घिनौनी नौटंकी' करार दिया है....

Guru Rahman on Khan Sir-Roshan Anand controversy- फोटो : न्यूज4नेशन

Patna : राजधानी पटना में खान सर की कोचिंग पर हुए हमले और दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच उपजे विवाद को लेकर विख्यात शिक्षक गुरु रहमान का एक बेहद कड़ा और विस्फोटक बयान सामने आया है। गुरु रहमान ने इस पूरे घटनाक्रम को कोचिंग माफियाओं की नौटंकी करार देते हुए दोनों ही पक्षों पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह विवाद बेहद पुराना है और अगर इन लोगों ने अपनी नौटंकी बंद नहीं की, तो स्थिति आगे चलकर और भी बदतर हो जाएगी।


"12-14 हजार रिजल्ट का दावा झूठा, बिहार की कोचिंग वाले उड़ा रहे कबूतर"

कोचिंग संस्थानों द्वारा दरोगा और अन्य परीक्षाओं के नतीजों को लेकर किए जा रहे दावों पर गुरु रहमान ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि कोई दावा कर रहा है कि उनके यहाँ से 12,000 रिजल्ट हुए, तो कोई 14,000 रिजल्ट बता रहा है। सच तो यह है कि बिहार के ये कोचिंग संस्थान सिर्फ 'क्यूबूतर उड़ाने' (हवा-हवाई दावे) का काम कर रहे हैं। रहमान ने सीधे शब्दों में कहा, "ये दोनों ही शिक्षक नहीं हैं, बल्कि शिक्षक के नाम पर कलंक हैं, जो मासूम छात्रों को केवल भ्रमित करने का काम कर रहे हैं।"


खान सर को बताया 'पवन सिंह' और रोशन आनंद को 'खेसारी लाल यादव'

गुरु रहमान ने दोनों शिक्षकों की तुलना भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दो बड़े कप्तानों से करते हुए कहा, "खान सर इस क्षेत्र के 'पवन सिंह' हैं और रोशन आनंद 'खेसारी लाल यादव' हैं। जिस तरह इन दोनों कलाकारों के बीच वर्चस्व की जंग चलती है, वैसे ही ये दोनों भी कर रहे हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग छात्रों को अपनी ढाल बनाकर सड़क पर उतारते हैं और उनसे 'इंकलाब जिंदाबाद' के नारे लगवाकर उनका भविष्य अंधकार में ढकेल रहे हैं।


5000 छात्रों की भीड़ पर उठाए सवाल, भगदड़ मची तो कौन होगा जिम्मेदार?

संस्थानों में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर चिंता जताते हुए गुरु रहमान ने कहा कि एक-एक जगह पर 5,000 से अधिक लड़कों का जमावड़ा लगाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि यदि किसी दिन किसी विवाद के कारण इन कोचिंगों में भगदड़ मच जाती है या कोई बड़ा हादसा हो जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? ऐसी लापरवाहियों से लगातार शिक्षक और शिक्षा व्यवस्था का स्तर गिर रहा है।


सीएम और डीजीपी से मांग: "जैसे रोशन आनंद पकड़ा गया, वैसे ही खान सर की भी हो गिरफ्तारी"

बयान के अंत में गुरु रहमान ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार के डीजीपी से इस मामले में सख्त हस्तक्षेप करने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा कि मिस्टर खान लगातार नौटंकी कर रहे हैं। जिस तरह पुलिस ने इस विवाद और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के आरोप में रोशन आनंद को गिरफ्तार किया है, ठीक उसी तर्ज पर खान सर को भी तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए ताकि बिहार में शिक्षा के नाम पर चल रहे इस ड्रामे और अराजकता पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।