Bihar News : पटना में 13 दिसंबर को होगी हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के राष्ट्रीय परिषद की बैठक, संगठनात्मक निर्वाचन की प्रक्रिया भी होगी पूरी
Bihar News : आगामी 13 दिसंबर 2026 को पटना में हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी......पढ़िए आगे
PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन के निर्देशानुसार आगामी 13 दिसंबर 2026 को पटना कार्यालय में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं व्यापक बनाने के उद्देश्य से इस बैठक का आह्वान किया है।
राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्याम सुन्दर शरण ने बताया कि इस बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान की समीक्षा, सांगठनिक चुनाव एवं पार्टी की भावी कार्ययोजना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसके साथ ही पार्टी के संगठनात्मक निर्वाचन की प्रक्रिया भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
घोषित निर्वाचन कार्यक्रम के तहत 10 दिसंबर को नामांकन दाखिल किए जाएंगे, जबकि 11 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। इसके बाद 12 दिसंबर को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी तथा 13 दिसंबर को आवश्यकता पड़ने पर मतदान एवं मतगणना के साथ निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पार्टी संगठन को लोकतांत्रिक, व्यवस्थित और मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इन कदमों से पार्टी को जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक नई मजबूती मिलेगी। अंत में श्याम सुन्दर शरण ने राष्ट्रीय परिषद के सभी सदस्यों एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बैठक और निर्वाचन प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।