Khan Sir: फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत पर सुनवाई टली, अब कल होगी कोर्ट में हियरिंग

खान सर की एंटीसिपेटरी बेल पर सुनवाई टली- फोटो : social Media

Khan Sir: पटना के चर्चित कोचिंग विवाद मामले में आज यानी मंगलवार को होने वाली सुनवाई टल गई। फैजल खान उर्फ खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर अब कल अदालत में सुनवाई होगी। कोर्ट ने आज मामले से जुड़े कुछ जरूरी दस्तावेज और कागजात पेश करने का निर्देश दिया है। इस बीच पुलिस की तफ्तीश में सामने आए हथियार प्रकरण ने केस को और पेचीदा बना दिया है।

पुलिस जांच के मुताबिक, खान ग्लोबल स्टडीज से जुड़े फैजल खान उर्फ खान सर के दोनों बॉडीगार्ड्स के हथियारों के सत्यापन के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया कि कथित फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार तालेबर सिंह (34) के नाम पर दर्ज है। वह उत्तर प्रदेश के कासगंज का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस के अनुसार हथियार लाइसेंस की वैधता को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि तालेबर सिंह के पास बिहार में हथियार लेकर आने और सुरक्षा ड्यूटी करने के लिए जरूरी अनुमति मौजूद नहीं थी। इसके बावजूद वह कथित तौर पर बिहार में बॉडीगार्ड की नौकरी कर रहा था। पुलिस ने हथियार, लाइसेंस और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े तमाम दस्तावेजों की पड़ताल कर अपडेटेड केस डायरी में कई बिंदु दर्ज किए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में एक बड़ा सवाल यह भी सामने आया है कि बिहार में हथियार के साथ तैनाती की सूचना स्थानीय प्रशासन, आर्म्स मजिस्ट्रेट या संबंधित थाने को क्यों नहीं दी गई। कानून के मुताबिक दूसरे राज्य के हथियार लाइसेंस और हथियार के इस्तेमाल को लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होता है।

अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि हथियार रखने और सुरक्षा ड्यूटी में इस्तेमाल को लेकर नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं। अदालत में कल होने वाली सुनवाई के दौरान पुलिस की जांच रिपोर्ट, केस डायरी और हथियारों से जुड़े दस्तावेज अहम भूमिका निभा सकते हैं। मामले में आगे की कार्रवाई कोर्ट के रुख पर निर्भर करेगी।

रिपोर्ट- रंजीत कुमार