Bihar News : बिहार में हेली-टूरिज्म का होगा आगाज, मात्र ₹2,100 में करें पटना जॉय राइड, बोधगया को मिलेगी ₹165 करोड़ के ध्यान केंद्र की सौगात

Bihar News : प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026' का भव्य शुभारंभ किया जाएगा।

कल से हेलिकॉप्टर सेवा - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार को एक बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार कल एक युगांतकारी कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने और सैलानियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से 'बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026' का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के प्रथम चरण में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों— वाल्मीकिनगर, कैमूर, राजगीर और राजधानी पटना को हवाई (हेलीकॉप्टर) सेवा के नेटवर्क से पूरी तरह जोड़ दिया गया है। पर्यटकों के सफर को किफायती और सुलभ बनाने के लिए राज्य सरकार अपनी तरफ से भारी सब्सिडी (अनुदान) दे रही है। सरकार प्रति टिकट अधिकतम ₹15,422 तक का वित्तीय अनुदान वहन करेगी। सरकार के इस सहयोग के बाद पर्यटक अब बेहद रियायती दरों पर हवाई सफर का लुत्फ उठा सकेंगे। 

योजना के तहत निर्धारित किराया दरें इस प्रकार हैं:

पटना जॉय राइड: मात्र ₹2,100, पटना से राजगीर: ₹4,000, पटना से वाल्मीकिनगर: ₹5,000 और पटना से कैमूर: ₹6,000 

13 जुलाई से बुकिंग और 18 जुलाई से शुरू होगी उड़ान

पर्यटन विभाग के अनुसार, इस हवाई सेवा के लिए ऑनलाइन टिकटों की बुकिंग 13 जुलाई से आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी। वहीं, हेलीकॉप्टर सेवा का नियमित परिचालन आगामी 18 जुलाई से प्रत्येक शनिवार और रविवार को निर्धारित रूटों पर किया जाएगा। इसके साथ ही, नई पर्यटन नीति के तहत मुजफ्फरपुर में एक भव्य एम्यूजमेंट पार्क परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी। साथ ही, ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'मुख्यमंत्री होम स्टे नीति' के तहत चयनित लाभार्थियों को इस अवसर पर आधिकारिक प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

बोधगया में ₹165.44 करोड़ से बनेगा 'विश्वस्तरीय ध्यान केंद्र'

धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र बोधगया के विकास को और रफ्तार देते हुए कल ₹165.44 करोड़ की भारी-भरकम लागत से बनने वाले 'विश्वस्तरीय ध्यान एवं अनुभव केंद्र' (Meditation and Experience Center) का शिलान्यास किया जाएगा। यह केंद्र अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र बनेगा। इसके अतिरिक्त, राज्य के विभिन्न हिस्सों में पर्यटन बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए ₹28.50 करोड़ की अन्य विकास व सौंदर्यीकरण परियोजनाओं का भी उद्घाटन और शिलान्यास संपन्न होगा। सरकार का मानना है कि आधुनिक कनेक्टिविटी, विश्वस्तरीय नागरिक सुविधाओं और नई निवेश संभावनाओं के बल पर बिहार का पर्यटन क्षेत्र अब रोजगार सृजन और राज्य की आर्थिक समृद्धि की एक नई उड़ान भरने के लिए पूरी तरह तैयार है।