Bihar News : कम बारिश और अल-नीनो के संकट के बीच ग्रामीण मजदूरों को राहत, मंत्री श्रवण कुमार ने 'लीन पीरियड' की तिथियों में किया बदलाव
Bihar News : बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने राज्य के ग्रामीण मजदूरों के हितों की रक्षा और संकट की इस घड़ी में उन्हें रोजगार सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है.....पढ़िए आगे
PATNA : ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि ग्रामीण मजदूरों के हितों की रक्षा और उन्हें संकट की घड़ी में रोजगार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस दिशा में राज्य सरकार ने खास अधिसूचना जारी कर इसके माध्यम से वीबी-जी राम जी योजना में पूर्व में घोषित लीन पीरियड के तिथियों में बदलाव किया है।
मंत्री कुमार ने कहा कि कृषि विभाग ने इस वर्ष कम वर्षापात और अल- नीनो के गंभीर प्रभाव का आकलन किया है। राज्य में कृषि चरम मौसम की अवधि में आए बदलावों को देखते हुए श्रमिकों को राहत देने के लिए यह नीतिगत परिवर्तन किया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार वर्षा की कमी से प्रभावित जिलों में 20 जुलाई 2026 तक लीन पीरियड प्रभावी माना जाएगा। इसके तहत शेखपुरा, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, भागलपुर और बांका में 10 अगस्त तक लीन पीरियड प्रभावी रहेगा। जबकि रोहतास, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, अरवल, पटना, जहानाबाद, नवादा, नालंदा, औरंगाबाद एवं गया में यह 09 अगस्त तक प्रभावी माना जाएगा।
मंत्री कुमार ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्तों के लिए सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे लीन पीरियड शुरू होने से पहले युद्धस्तर पर सभी तैयारी पूरी करें। उन्होंने कहा है कि हमारी सरकार का मुख्य लक्ष्य ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सबलता देना है। सभी जिले अधिक से अधिक जॉब कार्डधारी श्रमिकों को तुरंत कार्यों में नियोजित करें और त्वरित गति से मानव दिवस का सृजन सुनिश्चित करें।
साथ ही उन्होंने विभाग के सभी प्रशासनिक अधिकारियों को निर्धारित समय में अधिकतम श्रमिक जुड़ाव और योजनाओं के तीव्र निष्पादन की रूपरेखा बनाने के साथ-साथ इस संबंध में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं, ताकि संकट के समय किसी भी गरीब परिवार को रोजगार की कमी न हो।