लाल जोड़े में प्रेमी संग थाने पहुँची 'लापता' नाबालिग, थाना में हाई-वोल्टेज ड्रामा

पटना के मनेर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पांच दिन पहले रहस्यमय ढंग से गायब हुई एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती अचानक अपने प्रेमी के साथ दुल्हन के लिबास में थाने पहुँच गई।

लाल जोड़े में प्रेमी संग थाने पहुँची 'लापता' नाबालिग, थाना में हाई-वोल्टेज ड्रामा- फोटो : news 4 nation

पटना के मनेर थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पांच दिन पहले रहस्यमय ढंग से गायब हुई एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती अचानक अपने प्रेमी के साथ दुल्हन के लिबास में थाने पहुँच गई। युवती 12 मार्च को लोदीपुर गांव से लापता हुई थी, जिसके बाद उसकी मां ने मनेर थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। युवती का यह 'सरप्राइज' एंट्री देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए, क्योंकि वह खुद को बालिग बताकर प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी थी।

थाना परिसर में परिजनों के बीच 'हाई-वोल्टेज' ड्रामा

युवती और उसके प्रेमी के थाने पहुँचने की खबर जैसे ही दोनों के परिजनों को मिली, वे भी भारी संख्या में मनेर थाना पहुँच गए। थाना परिसर में ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर तू-तू मैं-मैं शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि प्रेमी पक्ष की ओर से आई महिलाओं ने लड़की के परिजनों के साथ धक्का-मुक्की और हंगामा करना शुरू कर दिया। पुलिस को इस स्थिति को नियंत्रित करने और हंगामे को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

पुलिस की कार्रवाई: प्रेमी गिरफ्तार, युवती जाएगी कोर्ट

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग के अपहरण के दर्ज मामले के आधार पर प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि युवती नाबालिग है, इसलिए उसकी शादी या उसके बयानों को सीधे तौर पर स्वीकार नहीं किया जा सकता। कानूनन नाबालिग के साथ भागना अपहरण और पोक्सो (POCSO) जैसी धाराओं के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

प्रेम प्रसंग का मामला, अब कोर्ट के फैसले पर टिकी नजर

मनेर थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पूरी तरह से प्रेम प्रसंग का है। युवती को पुलिस ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है और उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। अदालत में धारा 164 के तहत युवती का बयान दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद उसकी वास्तविक उम्र की जांच (मेडिकल टेस्ट) और कोर्ट के आदेश के आधार पर ही उसे परिजनों को सौंपने या सुधार गृह भेजने का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, इलाके में इस अनोखी शादी और थाने के ड्रामे की चर्चा जोरों पर है।