Bihar Weather: बिहार में होली पर हीट का हमला!पंखा चलाने का समय आ गया, जानें अपने शहर का हाल
Bihar Weather:बिहार में मौसम ने अभी से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।...
Bihar Weather:बिहार में मौसम ने अभी से तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मार्च की दस्तक के साथ ही दोपहर की धूप तल्ख़ हो गई है और आम आवाम को गर्मी का एहसास साफ तौर पर होने लगा है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि मौसम विभाग ने होली तक 34 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छूने का इशारा किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, उत्तर और पश्चिम बिहार के कई हिस्सों में तापमान में लगातार इज़ाफ़ा दर्ज किया जा रहा है। भागलपुर में जहां बीते दिनों दिन का तापमान 29 डिग्री के आसपास था, वहीं मार्च के पहले दिन ही यह 30.4 डिग्री तक पहुंच गया। रात का तापमान भी 12.5 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। तेज पछुआ हवा ने गर्मी के असर को और शिद्दत से महसूस कराया।
पूसा स्थित ग्रामीण मौसम विज्ञान केंद्र के नोडल पदाधिकारी डॉ. ए. सत्तार का कहना है कि होली के दिन भी राहत की उम्मीद कम है। 5, 6 और 7 मार्च को अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक अब रोज़ाना 1 से 2 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण और गोपालगंज में 2 मार्च को अधिकतम तापमान 30-32 डिग्री रहने का अनुमान है। पूरे राज्य में अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
शुष्क पछुआ हवा की रफ्तार करीब 6 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिससे खेतों की नमी घटने लगी है। इसका असर रबी फसलों पर पड़ सकता है। अगर यही रुख बरकरार रहा तो मार्च से मई के बीच तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक रह सकता है।
साफ है इस बार होली के रंगों के साथ गर्मी का रंग भी गहरा होगा। जनता को सतर्क रहने, पानी का सेवन बढ़ाने और दोपहर की तेज धूप से बचने की सलाह दी गई है।