आईएएस अवि प्रसाद ने रचाई तीसरी शादी, पहली दो पत्नियां हैं कलेक्टर, जानिए किनसे रचाया तीसरा विवाह

अवि प्रसाद 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी हैं। यूपीएससी 2014 परीक्षा में उन्होंने 13वीं रैंक हासिल की थी।

IAS Avi Prasad - फोटो : news4nation

 IAS Avi Prasad : चर्चित आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वह अपनी तीसरी शादी को लेकर चर्चा में आए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो पूर्व पत्नियों से तलाक के बाद उन्होंने 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से विवाह किया है। बताया जा रहा है कि 11 फरवरी 2026 को कूनो स्थित एमपीटी के एक होटल में दोनों ने पारिवारिक माहौल में सात फेरे लिए। समारोह को निजी रखा गया, जिसमें सिर्फ करीबी परिजन और चुनिंदा लोग शामिल हुए। मध्य प्रदेश कैडर के आईएएस की तीसरी शादी अब चर्चा का विषय बना हुआ है।


अवि प्रसाद 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी हैं। यूपीएससी 2014 परीक्षा में उन्होंने 13वीं रैंक हासिल की थी। इससे पहले वे आरबीआई में भी कार्यरत रह चुके हैं। मध्य प्रदेश के कई जिलों में कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के रूप में काम कर चुके अवि प्रसाद वर्तमान में मध्य प्रदेश रोजगार गारंटी परिषद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) के पद पर पदस्थ हैं।


कलेक्टर रहते हुए उन्होंने कई नवाचार किए। कटनी में पदस्थापना के दौरान कुपोषण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया, वहीं बड़नगर (उज्जैन) में आठ महीने के कार्यकाल में 1100 दिव्यांगजनों को नि:शुल्क मेडिक्लेम पॉलिसी का लाभ दिलाकर अलग पहचान बनाई।


उनकी पहली शादी 2014 बैच की आईएएस अधिकारी रिजु बाफना से हुई थी, जो वर्तमान में शाजापुर कलेक्टर हैं। हालांकि आपसी सहमति से दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने 2016 बैच की आईएएस अधिकारी मिशा सिंह से विवाह किया, जो मूल रूप से आंध्र प्रदेश संवर्ग की थीं। विवाह के बाद उन्होंने मध्य प्रदेश कैडर ले लिया था। चार साल बाद यह रिश्ता भी समाप्त हो गया। मिशा सिंह फिलहाल रतलाम कलेक्टर हैं।


अब अवि प्रसाद ने 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से विवाह किया है। अंकिता अशोकनगर की निवासी हैं और वर्तमान में मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता रविंद्र सिंह धाकरे सेवानिवृत्त फूड ऑफिसर रहे हैं। अंकिता भी प्रदेश के कई जिलों में एसडीएम के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। तीसरी शादी के बाद अवि प्रसाद एक बार फिर सार्वजनिक चर्चा का केंद्र बन गए हैं। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।