निशांत नहीं तो बीजेपी इन्हें बनाए बिहार का मुख्यमंत्री, बाहुबली अनंत सिंह की बड़ी मांग, नीतीश के इस्तीफा देने पर बड़ा बयान
अनंत सिंह ने कहा कि बिहार में अगले मुख्यमंत्री के लिए निशांत सबसे उपयुक्त हैं. वे पढ़े-लिखे और योग्य है जिनमें राज्य का नेतृत्व सँभालने की क्षमता है.
Anant Singh : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. वहीं उनके अगले कुछ दिनों में वे मुख्यमंत्री पद भी छोड़ देंगे क्योंकि उनका निर्वाचन राज्यसभा के लिए हुआ है. इस बीच बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन हों इसे लेकर कई नामों पर चर्चा है. इसमें नीतीश कुमार के बेटे निशांत को भी सीएम बनाने की मांग की जा रही है. वहीं भाजपा की ओर से सीएम पद पर कई नेताओं की नजर है. इसी बीच मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने सीएम पद को लेकर बड़ा बयान दिया है.
उन्होंने मंगलवार को कहा कि बिहार में अगले मुख्यमंत्री के लिए निशांत सबसे उपयुक्त हैं. वे पढ़े-लिखे और योग्य है जिनमें राज्य का नेतृत्व सँभालने की क्षमता है. उनमें सभी प्रकार की योग्यता है. वहीं नीतीश कुमार के सीएम पद छोड़ने पर कहा कि मौजूदा बिहार नीतीश कुमार का ही बसाया है. उन्होंने ही राज्य में इतना विकास किया है जिस कारण सब लोग आराम से एक जगह से दूसरी जगह आ जा रहे हैं. आज उनके बिहार से जाने से हर कोई रो रहा है चाहे पक्ष हो या विपक्ष हर कोई उन्हें बिहार में चाहता है.
उन्होंने कहा कि अगर बिहार में अगली सरकार में जदयू से मुख्यमंत्री बने तो निशांत सबसे उपयुक्त होंगे और अगर भाजपा से सीएम बने तो सम्राट चौधरी ठीक रहेंगे. वहीं तेजस्वी यादव पर बरसते हुए कहा कि उनके दल का बिहार में कोई अस्तित्व नहीं है. तेजस्वी चुनाव में बिहार में सरकार बनाने के दावा कर रहे थे लेकिन स्थिति ऐसी हुई कि अगर एक सीट भी राजद को कम आता तो उन्हें विधानसभा में विपक्ष का दर्जा भी नहीं मिलता.
अनंत सिंह ने पिछले दिनों नीतीश कुमार से मुलाकात की थी. मुलाकात को लेकर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने कहा कि वे बिहार के हित में राज्यसभा जा रहे हैं. उनके शासन काल में राज्य में हर क्षेत्र में विकास हुआ है. अब आगे आने वाले समय में कल-कारखाना खुले तो इससे राज्य में लोगों को बड़े पैमाने पर नौकरी मिल जाएगी. गौरतलब है कि अनंत सिंह को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में हुए दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था. इसी महीने उन्हें पटना हाई कोर्ट से जमानत मिली जिसके बाद वे जेल से बाहर आये हैं. इस बीच वे नीतीश कुमार से मिले.
रंजन की रिपोर्ट