IGIMS पटना में रैगिंग के आरोप में 3 MBBS छात्रों पर बड़ी कार्रवाई, हॉस्टल खाली करने का आदेश, कैंपस में भी एंट्री बैन

निलंबन की अवधि के दौरान तीनों छात्र न तो कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे और न ही कॉलेज की शैक्षणिक सुविधाओं का इस्तेमाल कर पाएंगे। उन्हें अपना आवंटित हॉस्टल कमरा खाली कर उसका कब्जा संबंधित वार्डन को सौंपने का भी निर्देश दिया गया है

IGIMS Patna ragging case- फोटो : news4nation

IGIMS:  इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS), पटना में रैगिंग के आरोप में MBBS के तीन छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। निलंबित छात्रों की पहचान 2024 बैच के आदित्य राज, अभिनव राज और राज चौरसिया के रूप में हुई है। प्राचार्य कार्यालय की ओर से 8 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू होगी।


निलंबन की अवधि के दौरान तीनों छात्र न तो कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे और न ही कॉलेज की शैक्षणिक सुविधाओं का इस्तेमाल कर पाएंगे। उन्हें अपना आवंटित हॉस्टल कमरा खाली कर उसका कब्जा संबंधित वार्डन को सौंपने का भी निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, निलंबन के दौरान संस्थान परिसर में उनके प्रवेश पर भी रोक रहेगी।


तीन महीने बाद एंटी रैगिंग कमेटी करेगी समीक्षा

आदेश के अनुसार, तीन महीने का निलंबन पूरा होने के बाद तीनों छात्रों का मामला एंटी रैगिंग कमेटी (ARC) के सामने रखा जाएगा। कमेटी उपलब्ध तथ्यों और संबंधित नियमों के आधार पर मामले की समीक्षा करेगी। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, आदेश में कथित रैगिंग की घटना की तारीख और उससे जुड़े विस्तृत तथ्यों का स्पष्ट उल्लेख नहीं है। मामले में आगे की कार्रवाई कमेटी की समीक्षा और उसके निर्णय पर निर्भर करेगी।


सुप्रीम कोर्ट और UGC के नियमों के तहत होगी कार्रवाई

IGIMS प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में आगे की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC), राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) और संस्थान में लागू नियमों के अनुरूप पूरी की जाएगी।


आदेश की प्रतियां संस्थान के निदेशक, डीन, संबंधित विभागाध्यक्षों, हॉस्टल वार्डन और सुरक्षा प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई हैं। फिलहाल तीनों छात्रों पर तीन महीने का निलंबन लागू है। अवधि पूरी होने के बाद एंटी रैगिंग कमेटी की समीक्षा के आधार पर उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई तय होगी।