मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का मंत्री विजय सिन्हा पर तीखा हमला, बोले- ‘चोर हैं, जनता परेशान है’

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव की सरगर्मी के बीच जदयू विधायक अनंत सिंह और मंत्री विजय कुमार सिन्हा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।...

Anant Singh Attacks Vijay Sinha
‘चोर हैं, जनता परेशान है’- फोटो : X

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव की सरगर्मी के बीच जदयू विधायक अनंत सिंह और मंत्री विजय कुमार सिन्हा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ प्रचार करने को लेकर उठे सवालों के बीच अनंत सिंह ने विजय सिन्हा पर तीखा हमला बोला है। एक चैनल को दिए इंटरव्यू में उन्होंने विजय सिन्हा के बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए पूछा, “मेरी यात्रा में जुटने वाली भीड़ क्या अनपढ़ है? क्या सिर्फ विजय सिन्हा ही पढ़े-लिखे हैं?” अनंत सिंह ने मंत्री पर आरोप लगाते हुए उन्हें ‘चोर’ तक कह दिया और दावा किया कि जनता उनसे परेशान है। उनके इस बयान से बिहार की सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है।

‘क्या मेरी सभा में आने वाले लोग अनपढ़ हैं?’

दरअसल, विधान परिषद चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह के प्रचार करने को लेकर विजय कुमार सिन्हा से सवाल पूछा गया था। इस पर विजय सिन्हा ने कथित तौर पर कहा था, “उन्हें ऐसा करने दीजिए, यह पढ़े-लिखे वोटरों का चुनाव है।” विजय सिन्हा के इसी बयान को लेकर अनंत सिंह भड़क गए। उन्होंने सवाल उठाया कि उनकी सभाओं और यात्राओं में शामिल होने वाले लोगों को अनपढ़ कैसे कहा जा सकता है। अनंत सिंह ने अपने समर्थकों की राजनीतिक समझ पर सवाल उठाए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर की और विजय सिन्हा पर तीखा हमला बोला। इंटरव्यू के दौरान अनंत सिंह ने विजय सिन्हा पर गंभीर आरोप भी लगाए।  इस मामले में विजय सिन्हा का पक्ष सामने आना बाकी है।

जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए कर रहे रोड शो

मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में रोड शो कर रहे हैं। इस घटनाक्रम ने जदयू के भीतर राजनीतिक असहजता और चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चा तेज कर दी है।पटना से निकलने के दौरान अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के चुनाव प्रचार में जाने पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “निशांत कुमार को चुनाव प्रचार के लिए नहीं जाना चाहिए था। ये छोटा चुनाव है। मैं नीतीश के साथ था और रहूंगा।”इस बयान के जरिए अनंत सिंह ने एक तरफ निशांत कुमार के प्रचार में उतरने पर अपनी राय रखी, तो दूसरी तरफ नीतीश कुमार के प्रति अपनी राजनीतिक निष्ठा दोहराई।

पार्टी कार्रवाई की परवाह नहीं, बोले- धमकी से नहीं डरता

अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार करने पर जदयू की ओर से कार्रवाई की संभावना को लेकर पूछे गए सवाल पर भी अनंत सिंह ने बेबाक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी परवाह नहीं है।अनंत सिंह ने अपने पुराने तेवर दिखाते हुए कहा, “न मरने का गम है, न जीने की खुशी है। अनंत सिंह आज तक किसी धमकी से न डरा है, न डरने वाला है।”उनके इस बयान को पार्टी अनुशासन और चुनावी रणनीति को लेकर चल रही खींचतान के बीच अहम माना जा रहा है।

बिहार की सियासत में बढ़ी बयानबाजी

विधान परिषद चुनाव से पहले नीरज कुमार, अनंत सिंह और विजय कुमार सिन्हा के बीच बयानबाजी ने राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। एक ओर अनंत सिंह जनसुराज प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विजय सिन्हा की टिप्पणी को लेकर उनका गुस्सा सार्वजनिक हो चुका है। हालांकि, अनंत सिंह ने नीतीश कुमार के साथ बने रहने की बात दोहराई है, लेकिन अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार करने से जदयू के भीतर राजनीतिक सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि पार्टी नेतृत्व इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाता है और चुनावी मैदान में इस बयानबाजी का आगे क्या असर पड़ता है।