Weather forecast: आज मौसम का बिगड़ने वाला है मिजाज, यूपी-बिहार समेत 17 राज्यों में आंधी, तेज हवाएं और भारी बारिश का अलर्ट; IMD की बड़ी चेतावनी
Weather forecast: 7 जून को यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में आंधी, तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट। जानें दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, हिमाचल, उत्तराखंड और झारखंड का मौसम अपडेट।
Weather forecast: देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने एक नया अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 12 घंटों के भीतर यानी 7 जून रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। पहाड़ी राज्यों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है और कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश तथा पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। IMD ने अगले सात दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि अगले दो से पांच दिनों के भीतर मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वोत्तर के अन्य इलाकों में भी आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही 8 से 12 जून के बीच राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ओडिशा के कई इलाकों में लू चलने की चेतावनी भी दी गई है।
17 राज्यों में तूफानी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 7 जून को जिन 17 राज्यों में तूफानी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है, उनमें उत्तर प्रदेश, झारखंड, लद्दाख, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान-निकोबार, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, पुडुचेरी, त्रिपुरा और मणिपुर शामिल हैं। कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली का मौसम कैसा रहने वाला है ?
दिल्ली के मौसम की बात करें तो 7 जून को राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इस दिन करीब 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 8 और 9 जून को आसमान पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी होगी। 8 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और 9 जून को 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
उत्तर प्रदेश और बिहार का मौसम
उत्तर प्रदेश में 7 से 12 जून के बीच गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। आजमगढ़, मऊ, देवरिया, जौनपुर, वाराणसी, संतकबीरनगर, मिर्जापुर, प्रयागराज, सोनभद्र, कौशांबी, प्रतापगढ़, अमेठी, अयोध्या और गोंडा समेत पूर्वांचल के कई जिलों में 7 जून को बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 12 जून के बीच बारिश और गरज-चमक की संभावना है। वहीं 9 और 10 जून को लू चलने का अलर्ट भी जारी किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11 और 12 जून को बारिश हो सकती है, जबकि 9 से 11 जून के दौरान लू चलने की चेतावनी दी गई है। बिहार में 7 से 12 जून के दौरान आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सारण, बक्सर, कैमूर, औरंगाबाद, रोहतास, गया, नालंदा, वैशाली, पटना, शेखपुरा, जमुई और लखीसराय जिलों के लिए 7 जून को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं भागलपुर और बांका में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार, 9 और 10 जून को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
देश के अन्य राज्यों के मौसम का हाल
राजस्थान में 7 से 12 जून तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर, अलवर, सीकर और चूरू में धूलभरी आंधी और गर्मी का असर बना रहेगा, जबकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 12 जून के दौरान पूर्वी राजस्थान में तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 8 से 12 जून के बीच पश्चिमी राजस्थान में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है हिमाचल प्रदेश में 7 और 8 जून को शिमला, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, सोलन, सिरमौर, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 8 जून तथा 11 और 12 जून को भी कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है।उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, उधमसिंह नगर, पौड़ी, टिहरी, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली और रुद्रप्रयाग में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। झारखंड में 7 से 10 जून के दौरान रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर, हजारीबाग, गिरिडीह, पलामू, गोड्डा और दुमका समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान आंधी और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।