Crime In Patna: बाढ़ में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव फंदे से लटका मिला, परिजन लगा रहे हत्या का आरोप

कमरे में फंदे से लटका एक महिला का शव मिला है। वहीं महिला के परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। महिला की पहचान स्वीटी कुमारी के तौर पर हुई है।

शव फंदे से लटका मिला- फोटो : Reporter

Crime In Patna:  एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला है। मृतका की पहचान स्वीटी कुमारी के रूप में हुई है। महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। शव बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र के सरिस्तापुर गांव में मिला है।

मृतका के पुत्र अर्नव कुमार ने बताया कि सुबह मां और दादी के बीच झगड़ा हुआ था। जब वह मां को बुलाने गया तो उसने देखा कि मां फंदे से लटकी हुई थी। कमरे का दरवाजा खुला था।

मृतका के मौसा निशु कुमार ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने मिलकर महिला की हत्या की है। उन्होंने बताया कि महिला को पहले भी प्रताड़ित किया जाता था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला से दहेज की मांग की जाती थी।

अथमलगोला थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने घर के दो सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एसडीपीओ-2 अभिषेक सिंह ने बताया कि मामला हत्या का लग रहा है। हालांकि, महिला के शरीर पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।

रविशंकर कुमार की रिपोर्ट