Bihar Crime : पटना में चोरों ने बिहार सरकार के मंत्री को भी नहीं छोड़ा, आवास से चुराए लाखों के गहने और 7 लाख रूपये, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

Bihar Crime : पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र स्थित एजी कॉलोनी में बिहार सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री के आवास से 6 सौ ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख कैश की चोरी को अंजाम दिया गया......पढ़िए आगे

मंत्री के घर चोरी - फोटो : ANIL

PATNA : राजधानी पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एजी कॉलोनी स्थित बिहार सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री संजय टाइगर के निजी आवास से बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने 14 और 15 तारीख की देर रात्रि इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया, जहां से करीब 600 ग्राम सोना, 2 किलो चांदी और 7 लाख रुपये नकद चुरा लिए गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फौरन कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के आला अधिकारी लगातार मामले की निगरानी कर रहे हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि इस बड़ी घटना से ठीक पहले पुलिस की गश्ती टीम वहां से गुजरी थी, लेकिन उन्हें इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। सुरक्षा व्यवस्था और गश्ती पर तैनात कर्मियों की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस टीम आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने में जुटी है ताकि चोरों की पहचान की जा सके और जल्द से जल्द इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा किया जा सके।

अनिल की रिपोर्ट