1 अप्रैल से बदलेंगे इनकम टैक्स के नियम, सैलरी और निवेश पर पड़ेगा सीधा असर, मिडिल क्लास के लिए क्या बदलेगा? पढ़िए

Income Tax Rules 2026: केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इनकम टैक्स रूल्स, 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

1 अप्रैल से बदलेंगे इनकम टैक्स के नियम- फोटो : social Media

Income Tax Rules 2026:  मुल्क की माली सियासत में एक बड़ा मोड़ लाते हुए केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए इनकम टैक्स रूल्स, 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सरकार ने भले ही टैक्स दरों में कोई तब्दीली नहीं की हो, लेकिन नियमों में किए गए व्यापक फेरबदल इस बात का साफ इशारा हैं कि अब टैक्स सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी और सख्त बनाने की तैयारी मुकम्मल हो चुकी है। इसका सबसे गहरा असर नौकरीपेशा तबके की जेब और उनकी टैक्स प्लानिंग पर पड़ने वाला है।

सरकार ने डिजिटल निगरानी को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया है। नए नियमों के तहत हर तरह की इनकम और ट्रांजैक्शन की डिजिटल रिपोर्टिंग अब लाज़मी कर दी गई है, जिससे टैक्स चोरी की राहें लगभग बंद हो जाएंगी। क्रिप्टो, डिजिटल करेंसी और ई-मनी को भी अब सख्त निगरानी के घेरे में लाया गया है। 1 अप्रैल 2026 से हर टैक्सपेयर को अपने डिजिटल लेन-देन की पूरी तफसील देनी होगी, जिससे मनी लॉन्ड्रिंग और काले धन पर शिकंजा कसने की रणनीति साफ नजर आती है।

इलेक्ट्रिक व्हीकल्स (EV) को लेकर भी सरकार ने पहली बार साफ नीति पेश की है। अब अगर कोई कंपनी अपने कर्मचारी को ईवी सुविधा देती है, तो ₹5000 प्रति माह तक का टैक्स फायदा मिलेगा, जबकि ड्राइवर के लिए ₹3000 अलग से जोड़े जाएंगे। वहीं, खुद खर्च करने पर भी कुछ राहत दी गई है। यह कदम हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ सैलरी स्ट्रक्चर में नई बहस को जन्म दे सकता है।

हाउस रेंट अलाउंस (HRA) के मोर्चे पर सरकार ने मेट्रो सिटी की परिभाषा का दायरा बढ़ाकर बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद को शामिल कर लिया है, जिससे वहां के कर्मचारियों को 50% तक की टैक्स छूट मिलेगी। लेकिन नोएडा, गुरुग्राम और नवी मुंबई जैसे शहरों को अब भी 40% की श्रेणी में रखना सियासी बहस को हवा दे रहा है, क्योंकि यहां किराया मेट्रो शहरों के बराबर है।

कॉर्पोरेट और चैरिटेबल ट्रस्ट के लिए भी नए प्रावधान लागू किए गए हैं, जहां डेटा-आधारित जांच और सख्त समयसीमा तय की गई है। वहीं, ट्रस्ट के लिए प्रक्रियाओं को आसान बनाकर राहत देने की कोशिश भी की गई है।

कुल मिलाकर, सरकार का यह कदम टैक्स सिस्टम को डिजिटल और जवाबदेह बनाने की दिशा में एक बड़ा सियासी दांव है जिसमें आम आदमी, कॉर्पोरेट और डिजिटल इकोनॉमी, सभी को नए नियमों के साथ तालमेल बैठाना होगा।