बेलागंज की ब्यूटी सिंह इंटर कला में जिला सेकेंड टॉपर बनीं।

रामेश्वर प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ने किया कमाल, वकालत के क्षेत्र में बनाना चाहती हैं करियर

News 4nation
N4N - फोटो : News4nation

Gaya: जिले के बेलागंज प्रखंड से एक गर्व की खबर सामने आई है, जहां रामेश्वर प्रसाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ब्यूटी सिंह ने इंटरमीडिएट कला संकाय में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर सेकेंड टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेल्हाड़ी गांव निवासी शकलदेव सिंह की पुत्री ब्यूटी सिंह ने इंटर परीक्षा में 94.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर यह मुकाम हासिल किया है। उनके पिता झारखंड के सरायकेला में झारखंड पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।

छह भाई-बहनों में पांचवें स्थान पर रहने वाली ब्यूटी सिंह वर्तमान में बेलागंज के हनुमान नगर मोहल्ला में अपनी मां और दो बहनों के साथ रहकर पढ़ाई कर रही हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित पढ़ाई, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास को दिया है।

ब्यूटी के बड़े भाई संजीव कुमार अर्धसैनिक बल में कार्यरत हैं और वर्तमान में जमशेदपुर में पदस्थापित हैं। परिवार के सभी सदस्यों ने उनकी इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।

अपनी सफलता पर ब्यूटी सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय उनके माता-पिता, भाई-बहनों, शिक्षकों और मित्रों को जाता है, जिनके सहयोग और मार्गदर्शन से यह संभव हो पाया। उन्होंने बताया कि वे भविष्य में वकालत के क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं, ताकि समाज के जरूरतमंद और वंचित लोगों को न्याय दिला सकें।

विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने भी ब्यूटी की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

इस मौके पर समाजसेवी अमरेंद्र प्रियदर्शी, युवा सामाजिक कार्यकर्ता रविशंकर कुमार, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष रविंद्र कुमार, कुणाल शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य मो. अबरार अहमद, दिवाकर कुमार सहित कई लोगों ने ब्यूटी सिंह को बधाई दी।