Bihar News : भारत अपने हितों से समझौता नहीं, बराबरी के आधार पर दुनिया से व्यापार करेगा : डॉ. संतोष कुमार सुमन

Bihar News : डॉ. संतोष कुमार सुमन ने भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज का भारत वह भारत नहीं है जो किसी के दबाव में अपनी आर्थिक प्राथमिकताएं तय करे।

भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता- फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लघु जल संसाधन मंत्री, बिहार सरकार डॉ. संतोष कुमार सुमन ने भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज का भारत वह भारत नहीं है जो किसी के दबाव में अपनी आर्थिक प्राथमिकताएं तय करे। भारत दुनिया के साथ व्यापार और साझेदारी चाहता है, लेकिन अपने राष्ट्रीय हितों की कीमत पर नहीं।

उन्होंने कहा कि अमेरिका भारत का महत्वपूर्ण रणनीतिक और व्यापारिक साझेदार है और दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत किया जाना चाहिए। लेकिन व्यापार समझौते में भारत के किसानों, एमएसएमई, छोटे उद्योगों, निर्यातकों और युवाओं के रोजगार हितों की पूरी सुरक्षा आवश्यक है। बाजार तक पहुंच दोनों तरफ होनी चाहिए और लाभ भी दोनों देशों को समान रूप से मिले—यही वास्तविक साझेदारी है।

डॉ. सुमन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत स्थिति बनाई है। आज भारत बातचीत में आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखता है और किसी भी समझौते को देश के दीर्घकालिक आर्थिक हितों की कसौटी पर परखने में सक्षम है। भारत को दुनिया के लिए अपना बाजार खोलने के साथ-साथ भारतीय उत्पादों और उद्यमियों के लिए दुनिया के बाजार खोलने पर भी समान जोर देना होगा।

उन्होंने कहा कि भारत को व्यापार चाहिए, लेकिन ऐसा व्यापार जो भारतीय किसान की आय बढ़ाए, उद्योग को गति दे, युवाओं को रोजगार दे और देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करे। यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और विकसित भारत की दिशा है। अमेरिका के साथ वार्ता इसी व्यापक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़े, यही देशहित में है।