Constitution Day: बच्चों के लिए आसान हुई संविधान की पढ़ाई, देश में पहली बार आया भारत का संविधान-बाल संस्करण

Constitution Day: संविधान को अब सिर्फ कानून की मोटी किताब समझकर उससे दूरी बनाने की जरूरत नहीं होगी। ...

भारत का संविधान-बाल संस्करण- फोटो : reporter

Constitution Day: संविधान को अब सिर्फ कानून की मोटी किताब समझकर उससे दूरी बनाने की जरूरत नहीं होगी। देश के बच्चे भी अपने अधिकार, कर्तव्य और लोकतंत्र की बारीकियां आसानी से समझ सकेंगे। संविधान दिवस के मौके पर बिहार की राजधानी पटना में एक अनूठी पहल की शुरुआत हुई है। देश में पहली बार तैयार किए गए 'भारत का संविधान-बाल संस्करण' का लोकार्पण शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने किया। इस पुस्तक को खास तौर पर बच्चों की समझ और उनकी उम्र को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि संविधान की कठिन भाषा और कानूनी पेचीदगियां उनके लिए आसान बन सकें।

लोकार्पण समारोह में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि भारत के प्रत्येक नागरिक को संविधान की मूल भावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी होनी चाहिए। लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब लोग संविधान को केवल कानून की किताब नहीं, बल्कि अपने जीवन का मार्गदर्शक मानेंगे। उन्होंने कहा कि बचपन से ही बच्चों में संवैधानिक समझ विकसित करना जरूरी है। इसी सोच को जमीन पर उतारने की दिशा में यह पहल की गई है।

इस विशेष संस्करण के संपादक और पटना हाईकोर्ट के उप निबंधक राजेश कुमार दूबे ने कहा कि संविधान की बाल-मैत्रीपूर्ण प्रस्तुति नई पीढ़ी को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था से गहराई से जोड़ेगी। इसका मकसद संविधान को किसी जटिल कानूनी दस्तावेज के बजाय नागरिक जीवन का सहज मार्गदर्शक बनाना है।

पुस्तक के सह-संपादक मुरली मनोहर श्रीवास्तव और संकेत साह ने बताया कि 184 पृष्ठों की इस किताब को कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों के स्तर के अनुरूप तैयार किया गया है। फिलहाल इसका प्रकाशन हिंदी और अंग्रेजी में किया गया है। आने वाले दिनों में इसे अन्य भारतीय भाषाओं में भी प्रकाशित करने की तैयारी है, ताकि देश के अलग-अलग राज्यों के बच्चे अपनी मातृभाषा में संविधान को समझ सकें।

इस किताब की खासियत यह है कि संविधान की मूल भावना और उसकी वास्तविक संरचना से कोई छेड़छाड़ किए बिना विषयों को बेहद सरल अंदाज में समझाया गया है। इसमें संविधान के भाग, अध्याय, अनुच्छेद, मौलिक अधिकार, मौलिक कर्तव्य, नागरिकता, संसद और न्यायपालिका के साथ लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था की कार्यप्रणाली को आसान भाषा में रखा गया है। कठिन कानूनी और संवैधानिक शब्दों को समझाने के लिए पुस्तक के अंत में परिभाषाओं सहित शब्दावली भी दी गई है।

कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, न्यायिक सेवा से जुड़े गणमान्य लोगों और शिक्षाविद आर.के. झा समेत कई विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रही। इस पहल से उम्मीद है कि बच्चों में संविधान के प्रति समझ, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान बढ़ेगा।

रिपोर्ट- राजगीर सिंह