Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों का फूटा गुस्सा,आखिरी वक्त पर इंडिगो की फ्लाइट रद्द, जवाब देने नहीं पहुंचे अधिकारी
Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा।...
Patna Airport: पटना एयरपोर्ट पर रविवार देर रात इंडिगो की फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। पटना से पुणे जाने के लिए घंटों इंतजार कर रहे यात्रियों को जब आखिरी वक्त पर उड़ान रद्द होने की जानकारी मिली तो उन्होंने एयरलाइंस के कर्मचारियों को घेर लिया और जमकर नाराजगी जताई। यात्रियों का आरोप था कि उन्हें लगातार उड़ान भरने का आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन रद्द होने की सही जानकारी समय पर नहीं दी गई। सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात को लेकर थी कि उनकी परेशानी सुनने के लिए इंडिगो का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E126 को रविवार देर रात 2:45 बजे पटना से पुणे के लिए रवाना होना था। इस उड़ान से यात्रा करने के लिए बड़ी संख्या में यात्री एयरपोर्ट पहुंचे थे। लेकिन जिस विमान को पुणे से पटना आकर यात्रियों को लेकर वापस जाना था, वही खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण पटना नहीं पहुंच सका।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E653 को रात करीब 1:40 बजे पुणे से पटना पहुंचना था। हालांकि, मौसम खराब होने और विजिबिलिटी कम रहने के कारण विमान को पटना लाने के बजाय लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इसके बाद पटना से पुणे जाने वाली अगली उड़ान का संचालन भी प्रभावित हो गया और आखिरकार उसे रद्द करना पड़ा।
फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों की पूरी यात्रा योजना बिगड़ गई। कई यात्री जरूरी काम से पुणे जा रहे थे। उनका कहना था कि काफी देर तक एयरलाइंस कर्मचारी उड़ान में देरी की बात कहकर इंतजार कराते रहे। यात्रियों को उम्मीद थी कि कुछ समय बाद विमान उड़ान भर लेगा, लेकिन अंत में रद्द होने की सूचना देकर उन्हें परेशानी में छोड़ दिया गया।
यात्रियों ने एयरलाइंस प्रबंधन पर सूचना देने में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि अगर उड़ान रद्द होने की जानकारी समय रहते दे दी जाती तो वे वैकल्पिक व्यवस्था कर सकते थे। हंगामे के दौरान कर्मचारियों से बार-बार सवाल पूछे गए, लेकिन यात्रियों के मुताबिक उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
वरिष्ठ अधिकारियों की गैरमौजूदगी ने भी नाराजगी बढ़ा दी। यात्रियों का सवाल था कि जब बड़ी संख्या में लोग परेशान हैं तो उनकी शिकायत सुनने के लिए जिम्मेदार अधिकारी सामने क्यों नहीं आ रहे हैं। देर रात एयरपोर्ट पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। मौसम की खराबी से शुरू हुई परेशानी अब एयरलाइंस की सूचना व्यवस्था और यात्री सेवा पर भी सवाल खड़े कर गई।