Patna Electricity Bill: पटना में हर चौथे घर का बिजली बिल जीरो, इतने लाख परिवारों को मिली ऐसे राहत
Patna Electricity Bill: पटना में मौसम का मिजाज बदलते ही घरेलू बिजली उपभोक्ताओं की जेब को बड़ी राहत मिली है।...
Patna Electricity Bill: पटना में मौसम का मिजाज बदलते ही घरेलू बिजली उपभोक्ताओं की जेब को बड़ी राहत मिली है। गर्मी में एसी और कूलर के बढ़ते इस्तेमाल से बिजली की खपत बढ़ने के कारण जिन परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का पूरा फायदा नहीं मिल पा रहा था, अब उनमें से बड़ी संख्या फिर इस दायरे में आ गई है। अक्टूबर के आंकड़े बताते हैं कि पटना में हर चार घरेलू बिजली उपभोक्ताओं में से एक को बिजली बिल चुकाने की जरूरत नहीं पड़ी। पेसू क्षेत्र के 1,65,879 घरों का अक्टूबर महीने का बिजली बिल शून्य रहा।
पेसू के 13 विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में कुल 6.46 लाख घरेलू उपभोक्ता पंजीकृत हैं। इनमें 25.67 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने अक्टूबर में 125 यूनिट से कम बिजली खर्च की और उन्हें बिल से पूरी राहत मिली। मई की तुलना में अक्टूबर में ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या 27,258 बढ़ गई। मई में 1,38,621 घरों का बिजली बिल शून्य आया था, जो कुल उपभोक्ताओं का 21.45 प्रतिशत था।
दरअसल, राज्य सरकार की 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना 1 अगस्त 2025 से लागू हुई थी। इसके तहत घरेलू उपभोक्ताओं को जुलाई के बिजली बिल से ही राहत मिलने लगी थी। हालांकि, गर्मी के मौसम में पंखे, कूलर और एसी के अधिक इस्तेमाल ने बिजली की खपत बढ़ा दी थी। नतीजतन, कई परिवार 125 यूनिट की निर्धारित सीमा से बाहर हो गए थे। अब तापमान में गिरावट के साथ बिजली का इस्तेमाल कम हुआ है और मुफ्त बिजली का लाभ पाने वाले परिवारों की तादाद बढ़ने लगी है।
प्रमंडलवार आंकड़ों में कंकड़बाग-दो सबसे आगे रहा। यहां अक्टूबर में 22,033 उपभोक्ताओं का बिजली बिल शून्य आया। इस प्रमंडल ने मई और दिसंबर में भी सबसे अधिक उपभोक्ताओं को इस श्रेणी में दर्ज किया था। इसके उलट डाकबंगला प्रमंडल में अक्टूबर के दौरान सबसे कम 5,768 घरों को यह राहत मिली। दिसंबर में भी यहां सबसे कम 5,167 उपभोक्ता इस श्रेणी में थे।
हालांकि, पिछले साल दिसंबर का आंकड़ा अक्टूबर से काफी आगे था। दिसंबर में 2,46,719 उपभोक्ताओं यानी 39.33 प्रतिशत घरों का बिजली बिल शून्य रहा था। यह अक्टूबर के मुकाबले 80,840 अधिक था। आंकड़े संकेत देते हैं कि सर्दी बढ़ने के साथ बिजली की खपत और घट सकती है। ऐसे में आने वाले महीनों में मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने वाले परिवारों की संख्या में और इजाफा संभव है।