Bihar News : बिहार में औद्योगिक क्रांति, 14 नई इकाइयों को भूमि आवंटित, ₹108 करोड़ के निवेश से खुलेगा विकास का द्वार।

Bihar News : बिहार में 14 नई इकाईयों को जमीन आवंटित किया गया है. जिससे राज्य में एक सौ करोड़ से अधिक का निवेश आएगा......पढ़िए आगे

नई इकाईयों को जमीन - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : उद्योग विभाग के सचिव सह बियाडा एवं आईडा के प्रबंध निदेशक कुंदन कुमार की अध्यक्षता में उद्योग विभाग के सभा कक्ष में बियाडा की प्रोजेक्ट क्लियरेंस कमिटी (PCC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 14 औद्योगिक इकाइयों को कुल 10.05 एकड़ भूमि तथा प्लग-एंड-प्ले शेड आवंटित करने की स्वीकृति प्रदान की गई। यह निर्णय राज्य में निवेश संवर्धन, पारदर्शी भूमि आवंटन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

जिन मामलों में एक ही भूखंड के लिए एक से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, वहां निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप खुली बोली की प्रक्रिया अपनाई गई। सर्वाधिक बोली लगाने वाले पात्र निवेशक को भूमि आवंटित की गई। इससे आवंटन प्रक्रिया निष्पक्ष, प्रतिस्पर्धात्मक एवं पारदर्शी बनी रहती है तथा औद्योगिक भूमि का समुचित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होता है। स्वीकृत औद्योगिक इकाइयां वस्त्र, सॉफ्ट टॉयज, इलेक्ट्रॉनिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, विद्युत उपकरण, औषधि निर्माण, प्लास्टिक, ग्रीन एनर्जी तथा सामान्य विनिर्माण जैसे विविध क्षेत्रों से संबंधित हैं। इससे राज्य में संतुलित एवं बहु-आयामी औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

प्रमुख प्रस्तावों में M/s Indiplush Experts Private Limited द्वारा बिहटा, पटना में नव विकसित औद्योगिक क्षेत्र में सॉफ्ट टॉयज निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी, जिससे लगभग 600 लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की संभावना है। अन्य आवंटन प्राप्त इकाइयों में M/s Sri Steel, M/s Rayush Healthcare Private Limited तथा M/s Arishna IoT Solutions शामिल हैं। कुंदन कुमार ने कहा कि पहली बार टॉयज एसोसिएशन ने बिहार में औद्योगिक निवेश के प्रति रुचि व्यक्त की है तथा राज्य के औद्योगिक क्षेत्र में अपनी इकाई स्थापित करने का निर्णय लिया है। यह राज्य के औद्योगिक वातावरण में बढ़ते विश्वास का सकारात्मक संकेत है और बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने आगे कहा कि बिहार सरकार उन सभी निवेशकों और उद्योगों का स्वागत करती है जिन्होंने राज्य की नीतियों, व्यवस्थाओं एवं पारदर्शी प्रक्रिया पर भरोसा जताया है। ऐसे निवेश न केवल व्यापक स्तर पर रोजगार सृजन करेंगे, बल्कि राज्य के समग्र औद्योगिक विकास को भी नई दिशा प्रदान करेंगे। राज्य सरकार का सतत प्रयास है कि बिहार को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक सशक्त, प्रतिस्पर्धी और विश्वसनीय औद्योगिक पहचान दिलाई जाए। निवेश, विनिर्माण एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में यह निर्णय एक और ठोस कदम सिद्ध होगा।

उल्लेखनीय है कि इन सभी परियोजनाओं के माध्यम से राज्य में कुल ₹108.66 करोड़ का निवेश आएगा तथा लगभग 1,296 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होने की संभावना है। बियाडा राज्य में उद्योगों को बेहतर आधारभूत संरचना, समयबद्ध स्वीकृति एवं सरल प्रक्रियाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। PCC की इस बैठक में लिए गए निर्णय बिहार में औद्योगिक विकास एवं रोजगार सृजन को नई गति प्रदान करेंगे।