Bihar News : डिजिटल क्रांति का केंद्र बने बिहार के पैक्स, 6301 केंद्रों ने किया 6 करोड़ से अधिक का कारोबार, लोगों को मिल रही कई सुविधाएं
Bihar News : बिहार में पैक्स डिजिटल क्रांति के केंद्र बन रहे हैं. राज्य में 6301 केंद्रों ने 6 करोड़ से अधिक का कारोबार किया है. जहाँ लोगों को कई सुविधाएं मिल रही है.....पढ़िए आगे
PATNA : पैक्सों में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। राज्य में कुल 6,301 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) कार्यरत हैं। इसके जरिए पैक्सों ने अब तक 6 करोड़ रुपए से अधिक का व्यवसाय किया है। पैक्सों में कार्यरत ये कॉमन सर्विस सेंटर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बना रहे हैं।
पैक्सों में कॉमन सर्विस सेंटर विकसित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं की पहुंच बढ़ाना और किसानों को सरकारी योजना का लाभ सीधे उनके गांव में उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत पैक्स ग्रामीणों को बैंकिंग, बीमा आधार नामांकन, स्वास्थ्य सेवाएं, कानूनी सेवाएं, कृषि उपादान, पैन कार्ड, आईआरसीटीसी, रेल, बस, हवाई टिकट बुकिंग, आरटीपीएस पर उपलब्ध सेवाओं जैसी 300 से अधिक सेवाएं प्रदान कर कर रहे हैं।
सहकारिता विभाग प्रत्येक पैक्स को कॉमन सर्विस सेंटर से जोड़कर ग्रामीण समाज को डिजिटल रूप से सशक्त बना रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से बैंकिंग, बीमा, पेंशन तथा अन्य सरकारी सेवाएं अब किसानों और ग्रामीणों तक और भी आसान, पारदर्शी और तीव्र गति से पहुंच रही है।
इससे न केवल पैक्सों की कार्यक्षमता और उपयोगिता बढ़ी है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती भी मिल रही है।