पटना में एटीएम कार्ड अदला-बदली करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा : तीन गिरफ्तार, 82 एटीएम कार्ड बरामद
पटना पुलिस एटीएम कार्ड की अदला-बदली कर लोगों के बैंक खातों से पैसा उड़ाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है......
Patna : राजधानी पटना में एटीएम कार्ड की अदला-बदली कर भोले-भाले लोगों के बैंक खातों से अवैध तरीके से रुपये उड़ाने वाले एक शातिर अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। श्रीकृष्णापुरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके पास से भारी मात्रा में यानी कुल 82 एटीएम और डेबिट कार्ड, एक चारपहिया वाहन (कार) और विभिन्न कंपनियों के कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
ऐसे देते थे शातिर वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह एटीएम बूथ के आसपास सक्रिय रहता था। आरोपी एटीएम से पैसे निकालने आने वाले लोगों को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझा लेते थे या मदद करने के बहाने उनके कार्ड की अदला-बदली कर लेते थे। इस दौरान वे चुपके से पासवर्ड (पिन) देख लेते थे और बाद में उन खातों से बड़ी आसानी से नकदी की निकासी कर लेते थे।
गया से जुड़े हैं आरोपियों के तार, कई जिलों में खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान गया जिले के रहने वाले सुधाकर कुमार उर्फ प्रियांश कुमार, प्रशांत कुमार और राकेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इस अंतरराज्यीय गिरोह का आपराधिक इतिहास केवल पटना या बिहार के अन्य जिलों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इनके तार पड़ोसी राज्य झारखंड के रांची और जमशेदपुर से भी जुड़े हुए हैं।
पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी
इस सिलसिले में श्रीकृष्णापुरी थाने और पटना साइबर थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इन्होंने अब तक कुल कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।
अनिल की रिपोर्ट