Bihar News : इस्कॉन पटना ने ‘अमृत उत्सव 2026’ का किया भव्य आयोजन, भक्ति और आध्यात्मिकता की बही गंगा, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
Bihar News : इस्कॉन पटना की ओर से ‘अमृत उत्सव 2026’ का भव्य आयोजन किया गया. जिसमें श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ गया.......पढ़िए आगे
PATNA : इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन), पटना द्वारा “अमृत उत्सव 2026” का भव्य आयोजन किया गया। “Bliss of Chanting, Dancing & Feasting” की भावना पर आधारित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ भक्ति प्रचार परिषद के संन्यासी स्वामी महाराज, आदि कर्ता दास, वेणु विनोद दास, राधापति चरण दास सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का विशेष अनुभव किया।
इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना और वैदिक संस्कृति को सुदृढ़ करना रहा। कार्यक्रम के दौरान हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन, आध्यात्मिक प्रवचन तथा प्रसाद वितरण जैसे विभिन्न आयोजन किए गए, जिनसे उपस्थित लोगों को दिव्य आनंद की अनुभूति हुई। कार्यक्रम में इस्कॉन के संस्थापक आचार्य श्रील प्रभुपाद के उपदेशों को स्मरण करते हुए भक्ति, सेवा और एकता के संदेश को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। इस्कॉन पटना के को-जनरल सेक्रेटरी भक्ति प्रचार परिषद स्वामी महाराज ने अपने संबोधन में गृहस्थ जीवन में आध्यात्मिक चेतना के विस्तार पर विशेष मार्गदर्शन दिया।
वहीं, बीआईएमएस के को-चेयरमैन आदि कर्ता दास ने पॉडकास्ट के माध्यम से विभिन्न समस्याओं और प्रश्नों के समाधान प्रस्तुत किए। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि “अमृत उत्सव” लोगों को सकारात्मक जीवनशैली अपनाने और आध्यात्मिकता की ओर प्रेरित करने का एक सशक्त मंच है, जिससे एक स्वस्थ, एकजुट और समरस समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण इस्कॉन यूथ फोरम द्वारा प्रस्तुत “अजामिल” नाटक रहा, जिसने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। कीर्तन के माध्यम से उपस्थित भक्तों ने भक्ति रस के परम आनंद का अनुभव किया। विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने इस आयोजन में भाग लेकर भक्ति, आनंद और सांस्कृतिक एकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम की जानकारी इस्कॉन पटना के प्रवक्ता नंद गोपाल दास ने दी।