Bihar Budget Session: सदन में उठा 'रोहिणी' की शादी का मुद्दा, लालू यादव की लाडली के विवाह को लेकर पक्ष-विपक्ष में तीखी नोकझोंक

Bihar Budget Session: सदन में बीजेपी विधायक ने लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य की शादी का मुद्दा उठा। इस दौरान पक्ष-विपक्ष में तीखी नोक झोंक देखने को मिला।

बीजेपी विधायक का हमला - फोटो : News4nation

Bihar Budget Session: बिहार विधानसभा में आज कार्यवाही के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब बीजेपी विधायक मिथिलेश तिवारी ने बिना नाम लिए एक पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी की शादी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि एक मुख्यमंत्री की बेटी की शादी में बिहार कलंकित हुआ और आरोप लगाया कि शादी के दौरान गाड़ी खींची गई और सोफा लूटा गया।

सदन में उठा रोहिणी की शादी का मुद्दा 

इस बयान पर राजद विधायकों ने कड़ा विरोध जताया। राजद के एक विधायक ने पलटवार करते हुए कहा कि “आपने देश जलाया है, ये गलत बोल रहे हैं।” इसके बाद सदन में तीखी बहस शुरू हो गई। मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि अगर मिथिलेश तिवारी गलत बोल रहे हैं तो राजद के विधायक शपथ लेकर कह सकते हैं कि वे गलत हैं। इस पर राजद के आलोक मेहता ने जवाब दिया कि क्या वे शपथ लेकर कह सकते हैं कि वे सही बोल रहे हैं।

सम्राट का नाम सुनते ही कांप जाता है विपक्ष 

इस दौरान राजद विधायक करिश्मा राय ने भी मिथिलेश तिवारी के भाषण का विरोध किया। जवाब में मिथिलेश तिवारी ने कहा कि ये बहन चम्पा विश्वास का नाम नहीं सुनी हैं, इसलिए ऐसा बोल रही हैं।” उनके इस बयान पर भी सदन में शोर-शराबा बढ़ गया। मिथिलेश तिवारी ने आगे कहा कि हमारे गृह मंत्री का नाम सुनते ही विपक्ष के लोग कांप जाते हैं कि बुलडोजर आ जाएगा, जबकि गृह मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि यह सरकार का बुलडोजर है।

बीजेपी विधायक की मांग 

इसी क्रम में बीजेपी विधायक मिथिलेश तिवारी ने सदन के माध्यम से अपनी ही सरकार से बिहार में उत्तर प्रदेश की तर्ज पर पुलिस कमिश्नरी प्रणाली लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरी व्यवस्था जरूरी है सदन में इस मुद्दे को लेकर सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिससे कार्यवाही कुछ देर के लिए बाधित भी हुई।

पटना से रंजन की रिपोर्ट