जमुई के छात्र ने पटना में की आत्महत्या; 27 मार्च को थी परीक्षा, कमरे में मिला शव

राजधानी पटना के दानापुर इलाके में इंटर के एक छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान जमुई जिले के झाझा (पिपराडीह) निवासी ओम सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है। ओम 27 मार्च को होने वाली अपनी इंटर की परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

जमुई के छात्र ने पटना में की आत्महत्या- फोटो : news 4 nation

बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में इंटर के एक छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान जमुई जिले के झाझा (पिपराडीह) निवासी ओम सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है। ओम 27 मार्च को होने वाली अपनी इंटर की परीक्षा की तैयारी कर रहा था, लेकिन परीक्षा से महज कुछ दिन पहले ही उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।

किराए के मकान में फंदे से लटका मिला शव

घटना रूपसपुर थाना क्षेत्र के विश्वेसरैया नगर मोड़ के पास की है, जहां ओम पिछले करीब ढाई साल से किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह काफी देर तक ओम ने अपना दरवाजा नहीं खोला। खिड़की से देखने और कोई जवाब न मिलने पर जब परिजनों ने दरवाजा तोड़ा, तो ओम का शव छत के हुक से रस्सी के फंदे के सहारे लटका हुआ मिला।

परिजनों ने दी पुलिस को सूचना

ओम के चचेरे भाई ने बताया कि उन्हें लगा था कि ओम देर रात तक पढ़ाई करने के कारण सो रहा होगा। लेकिन संदेह होने पर जब कमरे के अंदर देखा गया तो सबके होश उड़ गए। आनन-फानन में स्थानीय पुलिस और ओम के पिता रमेश सिंह को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छानबीन शुरू की और शव को कब्जे में लेकर दानापुर अनुमंडलीय अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया।

आत्महत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह के अनुसार, आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और न ही मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और छात्र के मोबाइल फोन व अन्य सामानों की जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसने परीक्षा के दबाव में या किसी अन्य निजी कारण से यह कदम उठाया।