Bihar News: सीएम नीतीश से जदयू प्रवक्ता महेश दास ने की मुलाकात, राज्यसभा निर्वाचन पर दी बधाई

Bihar News: जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश प्रवक्ता महेश दास ने सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 1, अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुलाकात के दौरान महेश दास ने कहा कि नीतीश कुमार देश के उन चुनिंदा वरिष्ठ नेताओं में शामिल हो गए हैं, जिन्हें लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और विधान परिषद चारों सदनों का सदस्य रहने का गौरव प्राप्त हुआ है। 

सीएम नीतीश ने मिले महेश दास 

उन्होंने इसे नीतीश कुमार के लंबे, समृद्ध और बहुआयामी राजनीतिक जीवन की बड़ी उपलब्धि बताया। महेश दास ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने पूरे राजनीतिक करियर में प्रशासनिक दक्षता, विकास के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक न्याय के सिद्धांतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। अब राज्यसभा सांसद के रूप में उनका अनुभव राष्ट्रीय स्तर पर नीति निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

निर्विरोध अध्यक्ष बनने पर भी दी बधाई 

उन्होंने विश्वास जताया कि संसद के उच्च सदन में नीतीश कुमार की मौजूदगी न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए लाभकारी साबित होगी। अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के जरिए वे राष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभाएंगे। इस मौके पर महेश दास ने जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने और पुनः निर्विरोध अध्यक्ष बनने को लेकर भी मुख्यमंत्री को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दीं।

दिल्ली से धीरज की रिपोर्ट