जदयू नेता निशांत कुमार ने पार्टी कार्यालय में बैठक की, नेताओं और कार्यकर्ताओं से कही यह बात
Bihar News : निशांत कुमार ने पार्टी के संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया है. नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कर उन्होने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के किये गए कार्यों को आगे बढ़ाने की बात की..
Patna : जदयू में शामिल होने के बाद से पूर्व सीएम नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार काफी एक्टिव हो गए है. वे लगातार पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिल रहे है. इसी कड़ी में आज रविवार को पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. इस बैठक में पूर्णिया और भागलपुर के कई जिलों के अध्यक्ष और प्रखंड स्तर के नेता शामिल हुए. बैठक में संगठन को और मजबूत बनाने और जमीनी स्तर पर पकड़ बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.
बैठक को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने संगठन को मजबूत करने की बात कही. कहा कि सभी लोग नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पार्टी के काम को आगे बढ़ाएं और सरकार की योजनाओं को जमीन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं.
निशांत कुमार ने कहा कि गरीब, दलित, पिछड़ा और अतिपिछड़ा वर्ग के लिए चल रही योजनाओं पर खास ध्यान देने की जरूरत है. इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है. निशांत कुमार ने यह भी कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत होते हैं. अगर कार्यकर्ता मजबूत रहेंगे तो संगठन भी मजबूत रहेगा.
अपने पिता के शासनकाल की बात करते निशांत कुमार ने 2005 के बाद बिहार में हुए बदलावों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है. पहले जहां पुलिस थानों की संख्या कम थी, अब वह काफी बढ़ गई है. पुलिस बल और संसाधनों में भी बड़ा इजाफा हुआ है, जिससे अपराध पर नियंत्रण में मदद मिली है.
निशांत कुमार ने महिलाओं के सशक्तिकरण को भी बड़ी उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निकाय में 50 प्रतिशत आरक्षण देने से महिलाओं की भागीदारी बढ़ी है. सरकारी नौकरियों में भी महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है. इसके अलावा जीविका योजना से जुड़ी लाखों महिलाएं आज आत्मनिर्भर बन रही हैं.
उन्होने शिक्षा क्षेत्र में किए गए कामों का जिक्र करते हुए कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, ड्रेस और साइकिल योजना ने बड़ा बदलाव किया है. इससे बच्चों, खासकर लड़कियों की पढ़ाई को बढ़ावा मिला है. निशांत कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार हुआ है और सड़कों का जाल तेजी से फैला है. अब राज्य के दूर दराज इलाकों से पटना पहुंचना पहले के मुकाबले आसान हो गया है. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. बैठक में पार्टी नेताओं से कहा गया कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को बताएं और लोगों से संवाद बनाए रखें.