Bihar News : कटिहार पुलिस ने मादक पदार्थ कारोबारियों पर कसा शिकंजा, लग्जरी कार से 500 ग्राम स्मैक किया बरामद, मौके से दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : कटिहार के मनिहारी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार से 500 ग्राम स्मैक बरामद किया है. वहीँ मौके से दो तस्कर को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : कटिहार पुलिस ने मादक पदार्थ कारोबारियों पर कसा
तस्कर गिरफ्तार - फोटो : SOCIAL MEDIA

KATIHAR : कटिहार जिले के मनिहारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस विशेष कार्रवाई में पुलिस ने एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में स्मैक जब्त की है। इस सफल ऑपरेशन के बाद से सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय नशा कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।

बंगाल से झारखंड जा रही थी खेप

मनिहारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विनोद कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से झारखंड के लिए मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप गंगा नदी के रास्ते मनिहारी घाट पहुँच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और अंबेडकर चौक के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया।

तलाशी में मिला आधा किलो स्मैक

जांच के दौरान जब एक संदिग्ध लग्जरी कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम दंग रह गई। कार के भीतर से करीब 500 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। एसडीपीओ ने बताया कि पूरी जब्ती और कार्रवाई मजिस्ट्रेट की निगरानी में की गई है ताकि पारदर्शिता बनी रहे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस स्मैक की कीमत काफी अधिक आंकी जा रही है।

कोढ़ा और रौतारा के रहने वाले हैं तस्कर

पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी कोढ़ा थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव का निवासी है, जबकि दूसरा रौतारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। प्राथमिक पूछताछ में यह संकेत मिले हैं कि इसके पीछे एक अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ है जो बंगाल, बिहार और झारखंड के बीच नशे का जाल फैला रहा है।

पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस धंधे के मुख्य सरगना तक पहुँचा जा सके। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस तत्परता की सराहना की है। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत ऐसी सख्त कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। 

श्याम की रिपोर्ट