नीतीश कुमार से मिले संजय झा समेत जदयू के वरिष्ठ नेता, बिहार के विकास और पार्टी सशक्तिकरण पर चर्चा

जदयू के वरिष्ठ नेता अरविन्द सिंह उर्फ छोटू सिंह ने नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार ने उनके सुशासन में विकास के नए मानदंड स्थापित किए हैं।

Nitish Kumar- फोटो : news4nation

Nitish Kumar :  जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से बुधवार को पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड आवास पर पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, वरिष्ठ जदयू नेता अरविन्द सिंह उर्फ छोटू सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान सभी नेताओं ने नीतीश कुमार का आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त किया। मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने सभी नेताओं का आत्मीय स्वागत किया और उनसे बिहार के विकास, संगठन की मजबूती तथा जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना ही पार्टी की प्राथमिकता होनी चाहिए।


मुलाकात के बाद जदयू के वरिष्ठ नेता अरविन्द सिंह उर्फ छोटू सिंह ने नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि बिहार ने उनके सुशासन में विकास के नए मानदंड स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने राज्य को पिछड़ेपन की छवि से बाहर निकालकर विकास और सुशासन की नई पहचान दिलाई।


छोटू सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए। बड़ी संख्या में नए विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों की स्थापना की गई, छात्राओं को साइकिल और पोशाक जैसी योजनाओं का लाभ मिला तथा शिक्षा तक उनकी पहुंच मजबूत हुई। स्वास्थ्य क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया गया, जिससे आम लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध होने लगा।


उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी बिहार ने देश के लिए मिसाल पेश की। पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों में महिलाओं को आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा तथा सरकारी नौकरियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे कदमों ने लाखों महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया। रोजगार और आधारभूत संरचना का उल्लेख करते हुए छोटू सिंह ने कहा कि राज्य में सड़क, पुल, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी सरकार ने कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कीं।


उन्होंने कहा कि आज भी नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में बिहार विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उनका अनुभव, दूरदर्शिता और जनहित के प्रति समर्पण ही राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। छोटू सिंह ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में बिहार आने वाले समय में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।