Bihar Politics: JDU विधायक दल की बैठक रद्द, बीजेपी कार्यालय में एंट्री पर लगी रोक, एनडीए में सियासी हलचल तेज

Bihar Politics: जदयू विधायक दल की बैठक रद्द हो गई है। बीजेपी कार्यालय में मीडिया के एंट्री पर भी रोक लगा दी गई है। आज शाम तक सियासी कयासों का दौर खत्म हो जाएगा।

विधायक दल की बैठक रद्द - फोटो : reporter

Bihar Politics: बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद अहम है। करीब दो दशकों तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार आज अपने पद से इस्तीफा देंगे, जिसके बाद राज्य में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। सुबह से ही हलचल तेज है। इसी बीच जानकारी सामने आ रही है कि जदयू विधायक दल की बैठक को रद्द कर दिया गया है तो वहीं बीजेपी कार्यालय में पत्रकारों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। जानकारी अनुसार बीजेपी कार्यालय में थोड़ी देर में केंद्रीय पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचने वाले हैं।

जदयू कार्यालय के बाहर सन्नाटा

जानकारी अनुसार जदयू कार्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है। कार्यालय के बाहर के सभी पोस्टर हटा दिए गए हैं। जदयू विधायक दल की बैठक रद्द होने से भी हलचल तेज हो गई है। इसके पहले सीएम ने कैबिनेट की आखिरी बैठक की। बिहार कैबिनेट की आख़िरी बैठक के बाद ब्रीफिंग भी रद्द हो गया।  

2 विधायक नहीं होंगे शामिल 

वहीं एनडीए विधायक दल की बैठक में 2 विधायक शामिल नहीं होंगे। दरअसल, कोलकाता से पटना लौटने के दौरान बीजेपी विधायक संजय गुप्ता का एक्सीडेंट हो गया है, हालांकि उन्हें हल्की चोट आई है। वहीं कुचायकोट से जदयू विधायक जमीन कब्जा करने के आरोप में फरार हैं।

संजय झा का बयान 

इस बीच जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा का बयान भी काफी चर्चा में है। उन्होंने इसे “14 करोड़ बिहारियों के लिए भावुक पल” बताते हुए कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व ने राज्य को नई पहचान दी। उनके मुताबिक, एक वक्त ऐसा था जब बिहारी होने पर शर्म महसूस होती थी, लेकिन नीतीश के दौर में बिहार की इज्ज़त और पहचान दोनों मजबूत हुई हैं। साथ ही उन्होंने निशांत कुमार की सक्रियता का जिक्र करते हुए साफ संकेत दिया कि वह अब राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और संगठन को मजबूत कर रहे हैं। इसे सियासी विरासत और भविष्य की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।