Neeraj Kumar: MLC चुनाव से पहले JDU प्रत्याशी नीरज कुमार ICU में भर्ती, आवास की बढ़ाई गई सुरक्षा

Neeraj Kumar: बिहार विधान परिषद चुनाव से ठीक पहले जनता दल यूनाइटेड के प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने से सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है।...

एमएलसी नीरज कुमार के आवास की बढ़ाई गई सुरक्षा- फोटो : reporter

Neeraj Kumar: बिहार विधान परिषद चुनाव से ठीक पहले जनता दल यूनाइटेड के प्रत्याशी और मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार की तबीयत बिगड़ने से सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। हार्ट संबंधी परेशानी के बाद उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात उनकी हालत बिगड़ने पर अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां उन्हें आईसीयू में रखकर डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है। नीरज कुमार की सेहत को लेकर उनके समर्थकों और पार्टी नेताओं में चिंता देखी जा रही है।इसी बीच, पटना के बेली रोड स्थित उनके सरकारी आवास पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आवास के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, सुरक्षा बढ़ाने के पीछे की वजह को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

नीरज कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू के प्रत्याशी हैं और तीन बार विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं। बताया जा रहा है कि वह पहले से ही हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित रहे हैं। हालांकि, फिलहाल उनकी तबीयत को लेकर अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। ऐसे में उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए विधान परिषद चुनाव की वोटिंग 23 अक्टूबर को निर्धारित है। मतदान से महज तीन दिन पहले जेडीयू प्रत्याशी की तबीयत बिगड़ने की खबर ने चुनावी माहौल में चर्चा बढ़ा दी है। नीरज कुमार के समर्थक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

फिलहाल, सभी की निगाहें मेदांता अस्पताल से आने वाली आधिकारिक जानकारी पर टिकी हैं। उनकी स्वास्थ्य स्थिति और आगे के चुनावी कार्यक्रम को लेकर तस्वीर स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है।