Bihar Police: नो एंट्री में पकड़े गए ई-रिक्शा चालक, पर्व के मौके पर थाना प्रभारी ने की ऐसे मदद, मानवीय पहल की लोग कर रहे सराहना

Bihar Police: वारिसलीगंज में थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी की मानवीय पहल चर्चा का विषय बनी हुई है।

Bihar Police: नो एंट्री में पकड़े गए ई-रिक्शा चालक, पर्व के
थाना प्रभारी की मानवीयता- फोटो : reporter

Bihar Police: बिहार के नवादा जिले के वारिसलीगंज में थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी की मानवीय पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में उनकी पहल सामने आने के बाद लोग उनकी सराहना कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि नो एंट्री में ई-रिक्शा लेकर प्रवेश करने पर पकड़े गए दो चालकों की परेशानी समझते हुए उन्होंने आर्थिक मदद की।

मिली जानकारी के अनुसार, वारिसलीगंज में नो एंट्री के दौरान पुलिस ने दो ई-रिक्शा चालकों को पकड़ा था। पूछताछ के दौरान दोनों चालकों ने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा कि वे मरीज से जुड़ी जरूरत के कारण ई-रिक्शा चला रहे थे। उनकी बात सुनने के बाद थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने उनकी स्थिति को समझा और मानवीय दृष्टिकोण अपनाया।

बताया जा रहा है कि थाना प्रभारी ने दोनों चालकों को कुल 5,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके बाद उन्हें परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए भेज दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग इस पहल की तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर इसे पुलिस की संवेदनशीलता और जरूरतमंदों के प्रति सहानुभूति से जोड़कर देखा जा रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मानवीय संवेदनाओं के महत्व को चर्चा में ला दिया है। लोगों का कहना है कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ किसी की वास्तविक परेशानी को समझना भी जिम्मेदार पुलिसिंग का अहम हिस्सा है।हालांकि, वायरल वीडियो और आर्थिक सहायता से जुड़ी जानकारी की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

रिपोर्ट- अमन कुमार