Anant-Neeraj dispute: जदयू में अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार की जंग तेज,अब ललन सिंह को मिली सुलह कराने की जिम्मेवारी

पटना स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार के बीच बढ़ी तल्खी को खत्म करने की जिम्मेदारी अब केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने पूरे मामले में दखल देते हुए विवाद का हल निकालने की कवायद शुरू कर दी है।

अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार के बीच सुलह कराएंगे ललन सिंह!- फोटो : social Media

Anant-Neeraj dispute: बिहार की सियासत में जदयू के अंदर अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार का विवाद अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। पटना स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर दोनों नेताओं के बीच बढ़ी तल्खी को खत्म करने की जिम्मेदारी अब केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को सौंपी गई है। पार्टी नेतृत्व ने पूरे मामले में दखल देते हुए विवाद का हल निकालने की कवायद शुरू कर दी है। ऐसे में सियासी गलियारों में निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी के भीतर पैदा हुए इस मतभेद का पटाक्षेप किस तरह होता है।

जदयू  के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि मामला पार्टी के संज्ञान में है और यह केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के कार्यक्षेत्र से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने ललन सिंह से बातचीत की है और उन्हें संबंधित नेताओं से चर्चा कर मामले का समाधान निकालने की जिम्मेदारी दी गई है। संजय झा ने यह भी कहा कि मोकामा विधायक का अपना अलग मुद्दा है और तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने ललन सिंह को मामले को सुलझाने के लिए कहा है।वहीं, बिहार सरकार के मंत्री और जदयू  विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने भी साफ किया कि विवाद की जानकारी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों से मिल-बैठकर बातचीत की जाएगी और उचित समय पर फैसला लिया जाएगा।

मोतिहारी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्रवण कुमार ने पार्टी के रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि नीरज कुमार जदयू  के अधिकृत प्रत्याशी हैं और पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में JDU का संगठन नीरज कुमार के पक्ष में काम करेगा। अनंत सिंह के मौजूदा रुख पर आगे क्या कार्रवाई होगी, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।

दरअसल, पटना स्नातक एमएलसी चुनाव में मोकामा विधायक अनंत सिंह ने जदयू  प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर मोर्चा खोल दिया है। अनंत सिंह का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के दौरान नीरज कुमार ने उनका विरोध किया था। इसी को आधार बनाते हुए उन्होंने कहा है कि इस बार वह नीरज कुमार को जीतने नहीं देंगे।

गुरुवार को अनंत सिंह प्रशांत किशोर के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के नामांकन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पटना में रोड शो भी किया। खास बात यह रही कि अनुज सिंह अनंत सिंह की बताई गई करीब 80 लाख रुपये की खुली जीप पर सवार होकर नामांकन के लिए पहुंचे। इस रोड शो को अनंत सिंह के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा गया।अनंत सिंह ने इस दौरान यह भी कहा कि यह पार्टी का चुनाव नहीं है। दूसरी ओर, जदयू  नेतृत्व लगातार यह संदेश दे रहा है कि नीरज कुमार पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी हैं और संगठन उनके समर्थन में चुनावी मैदान में उतरेगा। अब ललन सिंह की मध्यस्थता के बाद यह देखना अहम होगा कि अनंत सिंह और पार्टी नेतृत्व के बीच पैदा हुई दूरी किस तरह कम होती है और पटना स्नातक एमएलसी चुनाव में इसका क्या असर पड़ता है।