Bihar Politics: जदयू का पाठशाला कार्यक्रम आज,सदन की ट्रेनिंग के बीच पार्टी के नाम और MLC चुनाव पर होगा फैसला!
Bihar Politics:जनता दल यूनाइटेड के विधायक और विधान पार्षद आज यानी 18 सितंबर को पटना स्थित पार्टी कार्यालय के कर्पूरी सभागार में जुटेंगे। ...
Bihar Politics:जनता दल यूनाइटेड के विधायक और विधान पार्षद आज यानी 18 सितंबर को पटना स्थित पार्टी कार्यालय के कर्पूरी सभागार में जुटेंगे। यहां सुबह 11 बजे से एक दिवसीय विशेष प्रबोधन और ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि इसमें मौजूद रहेंगे।कार्यक्रम का मुख्य मकसद जदयू के विधायकों और विधान पार्षदों को संसदीय कार्यप्रणाली, विधायी जिम्मेदारियों और कानून बनाने की प्रक्रिया की जानकारी देना है। प्रशिक्षण में सदन के भीतर सवाल उठाने, अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रभावी ढंग से रखने और विधायी कामकाज को समझने से जुड़े पहलुओं पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। कार्यक्रम का संचालन PRS Legislative Research द्वारा किए जाने की जानकारी पार्टी की ओर से दी गई है।
ओरिएंटेशन में विधायी जिम्मेदारियों और समितियों, कानून बनाने की प्रक्रिया, हाल के विधायी घटनाक्रम, राज्य के बजट तथा बिहार की अर्थव्यवस्था और वित्त से जुड़े विषयों पर भी चर्चा प्रस्तावित है।हालांकि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के समानांतर जदयू के भीतर चल रही कुछ सियासी चर्चाओं पर भी सबकी नजर है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की ओर से पार्टी का नाम ‘जनता दल-नीतीश’ करने का सुझाव सामने आ चुका है। इस प्रस्ताव को लेकर पार्टी में चर्चा जारी है और अंतिम निर्णय के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी तथा राष्ट्रीय परिषद जैसे मंचों की प्रक्रिया महत्वपूर्ण होगी।
इसके अलावा आगामी विधान परिषद चुनाव को लेकर भी पार्टी के जनप्रतिनिधियों के बीच रणनीतिक चर्चा की संभावना है। हालांकि कार्यक्रम के आधिकारिक एजेंडे में इन राजनीतिक मुद्दों को मुख्य विषय नहीं बताया गया है। जदयू ने खुद कहा है कि 18 सितंबर के कार्यक्रम का मकसद विधायी कामकाज की समझ मजबूत करना है और इसे लेकर चल रही ‘बड़ी घोषणा’ संबंधी अटकलों को पार्टी प्रवक्ता ने खारिज किया है।
इस लिहाज से आज का आयोजन जदयू के विधायकों और विधान पार्षदों के लिए प्रशिक्षण के साथ-साथ पार्टी के मौजूदा राजनीतिक विमर्श के बीच होने वाली अहम बैठक के तौर पर देखा जा रहा है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह