Bihar Crime: लाइन होटल पर अपराधियों ने बरसाईं गोलियां, ग्राहक को लगी गोली, संचालक को अगवा कर काटी उंगली

Bihar Crime: लाइन होटल पर बदमाशों के तांडव से इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा।...

Vaishali 35 Attackers Open Fire
लाइन होटल पर अपराधियों ने बरसाईं गोलियां- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली के लालगंज में गुरुवार की रात एक लाइन होटल पर बदमाशों के तांडव से इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। पहले स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने होटल में विवाद किया और मामला शांत होने के करीब 20 मिनट बाद कथित तौर पर 30-35 बदमाशों के साथ दोबारा पहुंचे। इसके बाद होटल पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी गई। अचानक हुई गोलीबारी से होटल में अफरातफरी और भगदड़ मच गई। इस दौरान एक ग्राहक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात लालगंज थाना क्षेत्र के बेदौली चौक स्थित विनोद सिंह लाइन होटल की है। बताया गया कि गुरुवार रात चार-पांच लोग स्कॉर्पियो से होटल पहुंचे थे। उस समय कुछ ग्राहक खाना खा रहे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हो गया। होटल संचालक राजा सिंह ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार लोग वहां से चले गए।

आरोप है कि करीब 20 मिनट बाद वही लोग बड़ी संख्या में बदमाशों के साथ होटल पर पहुंचे। उनकी संख्या 30-35 के आसपास बताई जा रही है। होटल पर पहुंचते ही बदमाशों ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही होटल में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान जफराबाद निवासी बलराम राय के पुत्र वैदिक कुमार को गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे लालगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया।

होटल संचालक राजा सिंह ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने उसे जबरन कुसदे पोखर की तरफ ले जाकर विवाद करने वाले ग्राहक का नाम बताने का दबाव बनाया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। संचालक ने यह भी आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई और उसकी एक उंगली काट दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गोपाल मंडल के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस गोलीबारी के कारण, आरोपितों की पहचान और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। 

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार