जदयू की गुटबाजी के बीच एकजुटता का संदेश! ललन सिंह, संजय झा और निशांत कुमार एक हेलीकॉप्टर से पीएम मोदी के प्रोग्राम को रवाना
पिछले कुछ महीनों में जदयू की अंदरूनी राजनीति कई बार चर्चा में रही है। पार्टी के भीतर नीतीश कुमार के बाद नेतृत्व और भविष्य की राजनीतिक दिशा को लेकर भी तरह-तरह की अटकलें लगती रही हैं।
Bihar News : बिहार की सियासत में इन दिनों जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अंदरूनी समीकरण और वरिष्ठ नेताओं के बीच कथित खींचतान की खूब चर्चा है। पार्टी में अलग-अलग गुटों के उभरने और नेताओं के बीच आपसी तालमेल को लेकर उठ रहे सवालों के बीच शनिवार को एक अलग राजनीतिक तस्वीर देखने को मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार आगमन से पहले जदयू के तीन प्रमुख चेहरे एक साथ नजर आए। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा और बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पटना एयरपोर्ट से एक ही हेलीकॉप्टर से वैशाली के लिए रवाना हुए।
तीनों नेताओं का एक साथ रवाना होना महज एक औपचारिक कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी नहीं, बल्कि इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। खासकर ऐसे समय में जब जदयू के भीतर वरिष्ठ नेताओं के बीच अलग-अलग राजनीतिक समीकरणों और गुटबाजी की खबरें सामने आती रही हैं, तब तीनों नेताओं की यह साझा मौजूदगी पार्टी की एकजुटता का संदेश देने वाली तस्वीर के रूप में देखी जा रही है।
जदयू में क्यों उठ रहे हैं गुटबाजी के सवाल?
दरअसल, पिछले कुछ महीनों में जदयू की अंदरूनी राजनीति कई बार चर्चा में रही है। पार्टी के भीतर नीतीश कुमार के बाद नेतृत्व और भविष्य की राजनीतिक दिशा को लेकर भी तरह-तरह की अटकलें लगती रही हैं। एक तरफ कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, तो दूसरी तरफ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पार्टी के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में शामिल हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की सक्रियता बढ़ने के बाद उन्हें पार्टी के भविष्य के चेहरे के तौर पर भी देखा जाने लगा है।
हाल में विधान परिषद चुनाव में जदयू के प्रदर्शन को लेकर हुई समीक्षा बैठक में ललन सिंह की गैरमौजूदगी ने इन चर्चाओं को और हवा दी थी। पटना स्नातक सीट पर अनंत सिंह प्रकरण, पार्टी के भीतर आरोप-प्रत्यारोप और चुनावी नतीजों के बाद सहयोगी भाजपा के साथ संबंधों को लेकर भी सवाल उठे। राजनीतिक विश्लेषणों में संजय झा और ललन सिंह के बीच उभरते शक्ति संतुलन की चर्चा भी हुई है।
ऐसे माहौल में तीनों नेताओं का एक साथ वैशाली रवाना होना महत्वपूर्ण है। इससे यह संदेश देने की कोशिश मानी जा सकती है कि राजनीतिक मतभेदों की चर्चाओं के बावजूद पार्टी के प्रमुख नेता सार्वजनिक मंचों पर साथ खड़े हैं।
नीतीश सेतु के लोकार्पण से बिहार को बड़ी सौगात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण गंगा नदी पर बना छह लेन का 'नीतीश सेतु' होगा। प्रधानमंत्री करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने इस 19.7 किलोमीटर लंबे पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ेगा। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा। महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होगा। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने में बड़ी राहत मिलेगी।
इसके अलावा प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट की दूसरी इकाई, कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, शहरी जलापूर्ति और सीवरेज योजनाएं तथा आईआईटी पटना का रिसर्च पार्क शामिल हैं। प्रधानमंत्री 100 पीएम ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराएंगे।