Bihar Politics: गिरिराज सिंह का तेजस्वी पर तीखा हमला, बोले- नीतीश सेतु पर सवाल उठाने वालों को डूब मरना चाहिए
Bihar Politics: बिहार की सियासत में नीतीश सेतु को लेकर छिड़ी जुबानी जंग अब और तल्ख होती नजर आ रही है। ...
Bihar Politics: बिहार की सियासत में नीतीश सेतु को लेकर छिड़ी जुबानी जंग अब और तल्ख होती नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैशाली दौरे और विकास योजनाओं के लोकार्पण के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे गिरिराज सिंह ने प्रधानमंत्री के दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बिहार की तरक्की के लिए यह दिन बेहद अहम है। वहीं, नीतीश सेतु को लेकर तेजस्वी यादव की बयानबाजी पर उन्होंने ऐसा पलटवार किया कि सियासी गलियारों में चर्चा तेज हो गई।
गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब-जब बिहार आए हैं, तब-तब विकास के क्षेत्र में नए मील के पत्थर स्थापित हुए हैं। आज भी बिहार को हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिलने जा रही है। उन्होंने एनडीए सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में आधारभूत संरचना से लेकर आम लोगों की सुविधाओं तक कई क्षेत्रों में काम हो रहा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कार्यकाल और नीतीश कुमार के योगदान का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज केवल सम्राट चौधरी के कार्यकाल का एक साल पूरा होने की बात नहीं है, बल्कि नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के कार्यकाल में जिन गड्ढों को भरा, उन्हीं पर आज सम्राट चौधरी विकास का रनवे तैयार कर रहे हैं। उनके इस बयान में नीतीश कुमार के लंबे शासनकाल और मौजूदा सरकार के विकास कार्यों को जोड़ने की कोशिश साफ नजर आई।
नीतीश सेतु को लेकर तेजस्वी यादव के सवालों पर गिरिराज सिंह ने बेहद तल्ख लहजे में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग आज इस पुल पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें डूबकर मर जाना चाहिए। उन्होंने तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्हें अपने पिता लालू प्रसाद यादव से पूछना चाहिए कि उनके 15 साल के शासनकाल में इस पुल की नींव क्यों नहीं रखी गई। गिरिराज सिंह का यह बयान विपक्ष के खिलाफ उनके सियासी तेवर को जाहिर करता है।
दरअसल, तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया था कि नीतीश सेतु के निर्माण में केंद्र सरकार का कोई आर्थिक योगदान नहीं रहा और पुल पहले ही चालू हो चुका है। उन्होंने दोबारा लोकार्पण और श्रेय लेने को लेकर भी सवाल खड़े किए थे। इस पर एनडीए नेताओं की ओर से लगातार जवाब दिया जा रहा है।
वैशाली के राजापाकर स्थित जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण कर रहे हैं। इस कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण गंगा नदी पर बना छह लेन का नीतीश सेतु है, जिसे प्रधानमंत्री राष्ट्र को समर्पित कर रहे हैं।एक तरफ विकास परियोजनाओं की सौगात है, तो दूसरी तरफ पुल के निर्माण, पुराने उद्घाटन और राजनीतिक श्रेय को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। वैशाली की धरती पर आज विकास के साथ बिहार की सियासत का भी दिलचस्प नजारा देखने को मिल रहा है।
रिपोर्ट-ऋषभ कुमार