Bihar Politics: सुबह सुबह सीएम हाउस का घेराव! नीतीश के राज्यसभा जाने की चर्चा पर जदयू में बगावत, कार्यकर्ताओं ने दिया अल्टीमेटम
Bihar Politics: पटना में सुबह-सुबह सियासी पारा चढ़ गया जब नीतीश के राज्यसभा जाने के विरोध में मुख्यमंत्री आवास के बाहर जदयू कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।..
Bihar Politics:बिहार की सियासत में बड़ा उलटफेर आसन्न दिख रहा है। बुधवार दोपहर से यह खबर तैर रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा का रुख कर सकते हैं। इस एक चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। अब मामला महज़ अटकलों तक सीमित नहीं रहा जदयू के भीतर विरोध के स्वर खुलकर सामने आने लगे हैं।
आज यानी गुरुवार सुबह-सुबह जदयूसे जुड़े कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के पास पहुंच गए। “नीतीश कुमार जिंदाबाद” के नारों से इलाका गूंज उठा। कार्यकर्ताओं का साफ कहना है—“हमें नीतीश के अलावा कोई मंजूर नहीं।”
न्यूज4नेशन से बातचीत में एक कार्यकर्ता ने कहा, “हम पटना के ही हैं। बुधवार दोपहर से जो खबर चल रही है कि नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाया जा रहा है, वही सुनकर यहां पहुंचे हैं। हम यह कहने आए हैं कि मुख्यमंत्री पद पर नीतीश के अलावा और कोई स्वीकार नहीं।”कार्यकर्ताओं का तर्क है कि जनता ने नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाने का जनादेश दिया है, राज्यसभा भेजने का नहीं। उनका कहना है कि अगर किसी को राज्यसभा भेजना है तो निशांत कुमार को भेजा जाए, लेकिन नीतीश सीएम बने रहें।
आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है। कार्यकर्ताओं ने साफ शब्दों में कहा कि “जो भी ताकतें उनके पीछे लगी हैं, वे सुधर जाएं, नहीं तो बिहार में बड़ा आंदोलन होगा।” उनका दावा है कि अगर नीतीश कुमार को पद से हटाया गया तो महिलाएं, युवा और आम जनता सड़कों पर उतर आएंगे। आत्मदाह करेंगे। नीतीश को राज्यसभा नहीं जाने देंगे।
जदयू कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह सब एक सुनियोजित सियासी षड्यंत्र है और मुख्यमंत्री अपनी मर्जी से राज्यसभा नहीं जा रहे। उनके मुताबिक, नीतीश को दिल्ली भेजने की पटकथा तैयार की जा रही है, जिसे वे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे।
बहरहाल बिहार की सियासत का पारा चढ़ चुका है और आने वाले घंटे निर्णायक साबित हो सकते हैं।
रिपोर्ट- अभिजीत सिंह